
सतना। पीएआई 1.0 पंचायत उन्नति सूचकांक में अव्वल रही सतना और मैहर की शीर्ष 10 ग्राम पंचायतों को मंगलवार को जिला पंचायत सभागार में नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस और जिला पंचायत अध्यक्ष रामखेलावन कोल ने की। सीईओ संजना जैन ने बताया कि 151 सूचकांकों में बेहतर प्रदर्शन करने वाली पंचायतों को पुरस्कृत किया जाता है। प्रथम पुरस्कार 11 हजार रुपये जूरा ग्राम पंचायत (मैहर) को, द्वितीय 7100 रुपये लोहारौरा (उचेहरा) को और तृतीय 5100 रुपये सोहावल पंचायत को मिला। सात पंचायतों को 2100 रुपये का सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया। सीईओ ने स्वास्थ्य, महिला-बाल विकास और सर्विस डिलीवरी में सुधार के लिए पंचायतों को और प्रयास करने की जरूरत बताई तथा शीघ्र आयवृद्धि प्रशिक्षण देने की घोषणा की।
