इंदौर: बाणगंगा थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर युवक पर चाकू से हमला करने और उसकी गाड़ी में तोड़फोड़ का मामला सामने आया है. आरोपियों ने कोर्ट में समझौता करने का दबाव भी बनाया.थाना प्रभारी सियाराम गुर्जर ने बताया कि नई बस्ती भागीरथपुरा निवासी रवि विश्वकर्मा उम्र 28 साल देर रात करीब 10:30 बजे बाबू मार्केट में अपनी गाड़ी लेने पहुंचा था. तभी वहां विकास यादव, गोलू शर्मा, बबुआ और अम्मू खटीक दो बाइक से पहुंचे और पुरानी बात को लेकर गाली गलौज करने लगे.
रवि ने विरोध किया तो आरोपियों ने उस पर पहले दर्ज केस में कोर्ट में बयान बदलकर समझौता करने का दबाव बनाया. मना करने पर विकास यादव ने चाकू से रवि के बाएं कान के पास वार कर उसे घायल कर दिया. वहीं अन्य आरोपियों ने उसकी खड़ी गाड़ी के कांच फोड़कर नुकसान किया. घटना के दौरान आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी. पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
