गंभीर जल संकट से जूझ रहे हैं राम नगर के रहवासी

इंदौर: शहर के अधिकांश क्षेत्रों में पुरानी लाइनों से नर्मदा का पानी कम आने के साथ ही प्रदूषित होने से लोग परेशान हैं. इसे देखते हुए अब शहर भर में नर्मदा के पानी की नई लाइनें बिछाने का कार्य जोरों पर है. हालांकि जिन क्षेत्रों में नई लाईन पहुंच चुकी है, वहां भी फिलहाल पानी की किल्लत दूर नहीं हो पाई है.अंतिम चौराहा भूतेश्वर महादेव मंदिर के पास स्थित राम नगर क्षेत्र वार्ड क्रमांक 6 में आता है. राम नगर को बसे लगभग 25 वर्ष हो चुके हैं, लेकिन यहां के रहवासी आज भी कई असुविधाओं से जूझ रहे हैं. यहां के निवासियों को पानी की भारी किल्लत का सामना करना पड़ रहा था, लेकिन कुछ वर्ष पहले वार्ड में सरकारी बोरिंग की सुविधा दी गई.

इससे लोगों को थोड़ी राहत मिली, लेकिन, गर्मी के दिनों में पानी के लिए हाहाकार मच जाता है. वर्तमान स्थिति में क्षेत्र में नर्मदा पानी की नई लाईन बिछाने का कार्य चल रहा है. इसे लेकर सरकारी अधिकारी दावा कर रहे हैं कि नई लाईन डल जाने पर क्षेत्र में पानी की किल्लत दूर हो जाएगी, लेकिन जब उन वार्डों में नजर जाती है, जहां नई लाईन डाले साल भर हो गया है, लेकिन वहां भी पानी की पूर्ति नहीं हो पा रही है. साथ ही दूषित पानी की समस्या भी बनी हुई है. ऐसी स्थिति में राम नगर क्षेत्र में नर्मदा लाईन डलने पर क्या ्रस्थिति होगी, यह तो इसके शुरू होने के बाद ही पता चलेगा.

यह बोले रहवासी

17-18 वर्षों से क्षेत्रवासी पानी की किल्लत उठाते आ रहे हैं. लोग बोरिंग से मिलने वाले पानी पर निर्भर हैं. नर्मदा की पाइप लाईन बिछ रही है, अब देखो इससे जल सप्लाई कब शुरू होगी.
– नारायण मरमट

पार्षद ने कहा था कि एक महीने में नर्मदा लाईन से पानी शुरू कर दिया जाएगा, लेकिन छह महीने हो गए हैं, यह अभी तक शुरू नहीं हुआ है. सरकारी काम है, साल भर भी हो जाए, भरोसा नहीं.
– रवि चौहान

सरकारी बोरिंग खराब होने से लोगों को पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता है. गर्मी के दिनों में पानी की किल्लत बहुत ही चरम पर होती है. नगर निगम का टैंकर नहीं आने पर रुपए देकर निजी टैंकर बुलाकर गुजारा करते हैं.
– शुभम मरमट

नर्मदा लाईन डाली जा रही है, शीघ्र शुरू हो जाएगी
नर्मदा लाईन को लेकर पहली बार कार्य हो रहा है. क्षेत्र में पानी की किल्लत को देखते हुए करीब 17 करोड़ रुपए के बजट से वार्ड में नर्मदा लाईन डालने का कार्य चल रहा है. जल्द ही लोगों को पानी मिलेगा.
– संध्या यादव, पार्षद

Next Post

तिमाही परिणाम और महंगाई के आंकड़े देंगे बाजार को दिशा

Sun Oct 12 , 2025
मुंबई, 12 अक्टूबर (वार्ता) बीते सप्ताह घरेलू शेयर बाजारों में लगातार दूसरी साप्ताहिक तेजी के बाद आने वाले सप्ताह में निवेशकों की नजर महंगाई के आंकड़ों के साथ कंपनियों के तिमाही परिणामों पर भी होगी। आने वाले सप्ताह में खुदरा महंगाई और थोक महंगाई के सितंबर के आंकड़े जारी होने […]

You May Like