शीत लहर के आगोश में पहुंच रहा है समूचा जिला, बढ़ी ठिठुरन

० कोहरे के साथ हो रही सुबह, ग्रामीण क्षेत्रों में धुंध से वाहन चालकों को हो रही परेशानी

नवभारत न्यूज

सीधी 3 जनवरी। नव वर्ष के आगाज के साथ ही मौसम ने करवट बदल ली है। सुबह से घना कोहरा छाए रहने से जन जीवन अस्त व्यस्त हो चुका है। अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आस पास बना है। जिसके कारण वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस तक गिर चुका है।

दिन का तापमान गिरने से दिन में भी लोगों को ठिठुरन भरी गलन का एहसास हो रहा है। बीते 2-3 दिनों से घने कोहरे के साथ कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। एकाएक ठंड बढ़ जाने से जिले का सामान्य जन जीवन अस्त व्यस्त हो चुका है। सुबह घने कोहरे के कारण सडक़ों पर पास खड़े लोग भी दिखाई नहीं देते। शैर सपाटे के लिए निकले लोगों को कोहरे के कारण परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वाहन चालकों को भी सुबह 8 बजे तक लाइट जलाकर वाहन चलाने की मजबूरी बनी हैं। कोहरे के अलावा ठिठुरन भरी गलन ने लोगों को कड़ाके की ठंड का एहसास करा दिया है

गुरुवार को दिन का तापमान 19 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। गलन भरी ठंड से बचने के लिए लोग गरम कपड़ों से दिन को भी लिपटे नजर आ रहे हैं। कार्यालयीन कर्मचारी अपने रोजमर्रा के कार्यों को कड़ाके की ठंड के बीच मजबूरी में निपटाते नजर आ रहे हैं। इन्हें अवकाश वाले दिन का काफी बेसब्री से इंतजार बना हुआ है। ताकि कम से कम अवकाश के दिन गलन भरी ठंड के बीच घर से बाहर निकलने से निजात मिल सके। जबकि छोटे कारोबारी देर शाम तक सडक़ों के किनारे मजबूरी में दुकान सजाकर बैठे नजर आ रहे हैं। चर्चा के दौरान कुछ लोगों का कहना था नव वर्ष के आगाज के साथ ही गलन भरी ठंड का प्रकोप भी शुरू हो चुका है। गनीमत यह कि दिन में तेज धूप खिलने के कारण लोगों को काफी राहत मिल रही है। शाम ढ़लते ही गलन भरी ठंड का प्रकोप गहराना शुरू हो जाता है।

००

4 डिग्री गिरा अधिकतम तापमान

कोहरे और ठिठुरन भरी गलन के कारण अधिकतम तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार को अधिकतम तापमान 19 डिग्री एवं न्यूनतम तापतान 8.2 डिग्री रिकार्ड किया गया। गुरुवार को अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था। जबकि बुधवार को अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री व मंगलवार को अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में सर्द हवाओं के चलने का दौर भी शुरू होने से शीत लहर का प्रकोप बढ़ जायेगा। यह स्थिति मकर संक्रांति तक ठंड के हिसाब से बनी रहेगी।

००

फसलों को बढ़ा पाला लगने का खतरा

कड़ाके की सर्दी के साथ घने कोहरे का नजारा ग्रामीण क्षेत्रों में देखने को मिल रहा है। शहरी क्षेत्रों में अवश्य अभी कोहरे का प्रकोप शुरू नहीं हुआ है। ग्रामीण क्षेत्रों में जहां फसलों की सिंचाई और बुवाइ्र्र का कार्य चल रहा है। यहां सर्दी से बचने के लिए लोग घरों में आग जलाकर हाथ सेंकते रहे। दोपहर बाद लोग खरीददारी करने घरों से बाहर निकले। नये साल की शुरूआत होने के साथ ही यही दिनचर्या लोगों की बनी हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में फसलों पर पाले की संभावना निर्मित हो रही है। पिछले वर्ष भी जिले में पाले के कारण फसलें खराब हुईं थी। पाले के लिए आलू मटर, धनिया, सरसों, अरहर, सेंसेटिव फसलें हैं 5 डिग्री से नीचे तापमान जाने पर पाला पडऩे की संभावना बढ़ जाती है।

००००००००००

Next Post

रेल गार्ड पर लीव-इन में रखकर दुष्कृत का केस

Fri Jan 3 , 2025
  नवभारत न्यूज खंडवा। लीव-इन के कल्चर में एक युवती को केवल झांसा मिला। पढ़ी-लिखी योगा टीचर ट्रेन मैनेजर (गार्ड) के साथ 2 साल धोखा खाती रही। 2024 के अंतिम दिनों में युवक ने दूसरी शादी कर ली। आरोपी सावन तिरोले के घर मंडप में युवती पुलिस लेकर छैगांवमाखन के […]

You May Like