बगदाद, 8 अगस्त (वार्ता) इराक के प्रधानमंत्री अली अल-जैदी ने शनिवार को फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ टेलीफोन पर हुई बातचीत के दौरान दोनों देशों के बीच आर्थिक और निवेश सहयोग को मजबूत करने का आग्रह किया। यह जानकारी प्रधानमंत्री कार्यालय ने दी।
प्रधानमंत्री कार्यालय द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, अल-जैदी ने इराकी-फ्रांसीसी संबंधों को गहरा करने के महत्व पर जोर दिया और मैक्रों को इराक आने का निमंत्रण दिया।
बयान में कहा गया, “प्रधानमंत्री ने इराकी-फ्रांसीसी संबंधों के महत्व को रेखांकित किया और राष्ट्रपति मैक्रों को इराक आने का निमंत्रण दिया। उन्होंने दोनों देशों के पारस्परिक हितों की पूर्ति करने वाली एक टिकाऊ आर्थिक और निवेश साझेदारी के निर्माण के लिए मिलकर काम करने के महत्व पर भी जोर दिया।” दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय घटनाक्रमों और तनाव को कम करने तथा सुरक्षा एवं स्थिरता को बढ़ावा देने के संयुक्त प्रयासों पर भी चर्चा की।
श्री अल-जैदी ने दोहराया कि उनकी सरकार इराक की स्थिरता को मजबूत करने और अपने प्राकृतिक संसाधनों व अंतरराष्ट्रीय व्यापार मार्गों के चौराहे पर स्थित रणनीतिक स्थिति का लाभ उठाकर देश को क्षेत्र में एक प्रभावशाली आर्थिक और राजनीतिक शक्ति में बदलने के लिए काम करना जारी रखेगी।
इराकी प्रधानमंत्री ने यह भी दोहराया कि इराक से अंतरराष्ट्रीय गठबंधन सेनाओं की वापसी के लिए 30 सितंबर की समय-सीमा अंतिम है। उन्होंने कहा कि उनका मिशन पूरा होने से बगदाद को विकास और आर्थिक वृद्धि पर अधिक ध्यान केंद्रित करने में मदद मिलेगी।
बयान के अनुसार श्री, मैक्रों ने आर्थिक सुधारों को लागू करने, भ्रष्टाचार से लड़ने और इराकी सशस्त्र बलों की क्षमताओं को मजबूत करने के बगदाद के प्रयासों के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया।
