बिलखिरिया से चोरी हुआ 20 लाख का ट्रक बरामद 

ट्रक चुराने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

वारदात में उपयोग की गई बाइक जब्त

भोपाल, 3 जनवरी. बिलखिरिया पुलिस ने कोकता ट्रांसपोर्ट नगर से चोरी हुआ 20 लाख रुपये कीमत का एक ट्रक बरामद कर लिया है. इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. आरोपियों के पास से वारदात में उपयोग की गई पल्सर बाइक भी जब्त की गई है. घटना में शामिल कुछ अन्य लोगों की तलाश की जा रही है. आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम को एसपी ने पांच हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है. जानकारी के अनुसार गांधी नगर निवासी मोहम्मद इरशाद ने पिछले महीने 19 दिसंबर को ट्रक चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी. इरशाद ने पुलिस को बताया कि उनके ड्रायवर नईम खान ने बीती 14 दिसंबर को उनका ट्रक कोकता ट्रांसपोर्ट नगर स्थित पानी की टंकी के पास सीमेंट गोदाम के पास खड़ा किया था. दो दिन बाद वह ट्रक के पास पहुंचा तो ट्रक गायब हो चुका था. आसपास के इलाके में तलाश करने के बाद भी जब ट्रक का कुछ पता नहीं चला तो थाने जाकर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी देहात प्रमोद कुमार सिन्हा ने आरोपियों की गिरफ्तारी पर पांच हजार का इनाम घोषित किया था. देवास में पकड़ाया था चोरी का ट्रक जांच के दौरान पता चला कि ट्रांसपोर्ट नगर से चोरी किया गया ट्रक देवास के खातेगांव स्थित उमेड़ा के जंगल में इमारीत सागवान की लकड़ी का परिवहन करते हुए वन विभाग द्वारा पकड़ा गया है. आरोपी ट्रक को लावारिस हालत में छोड़कर भाग निकले थे. वन विभाग का अमला भी ट्रक वालों की तलाश कर रहा था. विशेष टीम ने आरोपियों को पकड़ा एसपी के निर्देश पर टीआई उमेश सिंह चौहान के नेतृत्व में एएसआई हरिशंकर तिवारी, हेड कांस्टेबल योगेश भावसार, अरुण मेहर, आरक्षक रामवीर, विनय प्रताप सिंह तथा सायबर शाखा देहात के हेड कांस्टेबल मुश्ताक अहमद और योगेश मिश्रा की टीम को लगाया गया था. तकनीकी विश्लेषण के बाद टीम ने संदेही गुफरान (20) और अमीन (20) दोनों निवासी ग्राम नादनी, थाना काला पीपल जिला शाजापुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उन्होंने ट्रक चोरी करना स्वीकार कर लिया. इसके साथ ही आरोपियों ने वारदात में शामिल अपने कुछ अन्य साथियों के नाम भी बताए हैं, जिनकी तलाश की जा रही है. उनके पास से वारदात में उपयोग की गई एक पल्सर बाइक भी जब्त हुई है.

Next Post

एक दर्जन दोपहिया वाहन चोरी कर ले गए बदमाश 

Fri Jan 3 , 2025
भोपाल, 3 जनवरी. राजधानी में दोपहिया वाहनों की चोरी का सिलसिला इस साल भी शुरू हो चुका है. पिछले चौबीस घंटों के दौरान शहर के विभिन्न थानों में करीब एक दर्जन वाहन चोरी के अपराध दर्ज किए गए हैं. पुलिस ने सभी मामलों में आरोपियों की तलाश शुरू कर दी […]

You May Like