ग्वालियर:ग्वालियर शहर भाजपा के नये जिलाध्यक्ष अब जयप्रकाश राजोरिया होंगे। भाजपा हाईकमान ने देर शाम यह आदेश जारी किया है। राजोरिया वर्तमान जिलाध्यक्ष अभय चौधरी का स्थान लेंगे।भाजपा में गुटों की खींचतान और विभिन्न छत्रपों के समर्थकों में आरोप प्रत्यारोप के बीच मंडल अध्यक्षों की तो किसी तरह नियुक्ति हो गई थी लेकिन जिलाध्यक्ष के लिए नाम तय करने में पार्टी के नीति नियंताओं को पसीने छूट रहे थे। ग्वालियर चंबल संभाग के लगभग सभी जिलों में एक अनार सौ बीमार जैसी स्थिति रही। ग्वालियर जिले में तो हालात इस कदर अनिश्चय के भंवर में फंसे कि यहां जिलाध्यक्ष की नियुक्ति को होल्ड पर रखने के आसार बन गए थे। हर रोज अटकल नुमा एक बड़ी खबर पार्टी की वीथिकाओं को गर्मा रही थी। हालांकि इनकी पुष्टि करने के लिए कोई वरिष्ठ नेता तैयार नहीं था।
अब भोपाल से दिल्ली भेजे गए पैनल में तीन नाम बताए गए थे, ये थे जयप्रकाश राजौरिया, रामेश्वर भदौरिया व पारस जैन। विधानसभा चुनाव के समय शहर के मंदिरों पर सुंदरकांड पाठ कराकर ग्वालियर पूर्व सीट से टिकट पर दावा ठोकने वाले रामेश्वर भदौरिया सीधे तौर पर नरेंद्र सिंह तोमर के खेमे से जुड़े हैं जबकि पारस जैन संघ व भाजपा के एक खेमे की समन्वित पसंद थे। लेकिन प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा की पसंद उनके नजदीकी जयप्रकाश राजौरिया थे। संघ भी उनके नाम पर सहमत हो गया और पार्टी ने वीडी की पसंद राजौरिया के नाम पर आज रात मोहर लगा दी। प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल से लेकर साडा के पूर्व चेयरमैन राकेश जादौन, कमल माखीजानी और विनय जैन के नाम भी चर्चा में थे। किसी सिंधिया समर्थक को भी इस कुर्सी पर बिठाने के बारे में सोचा गया लेकिन पार्टी के समीकरण जयप्रकाश राजौरिया के पक्ष में बने।