सतना : धर्मनगरी चित्रकूट में बुधवार को गुरु पूर्णिमा का पावन पर्व अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया. इस अवसर पर देश के विभिन्न राज्यों से आए लाखों श्रद्धालुओं के समागम से पूरी धर्मनगरी आस्था के रंग में रंगी नजर आई. दिनभर मठों, मंदिरों और प्रमुख आश्रमों में धार्मिक अनुष्ठान,भजन-कीर्तन और गुरु वंदना के सुर गूंजते रहे. सुबह से ही मंदिरों में लगीं लंबी कतारें गुरु पूर्णिमा पर चित्रकूट के प्रमुख धार्मिक स्थलों सती अनुसूया आश्रम, कामतानाथ मंदिर, भागवत पीठ, राम जानकी महल जिले के प्रमुख धार्मिक केंद्रों चित्रकूट, मैहर, धारकुंडी, बिरसिंहपुर, खजुरीताल और सतना स्थित डालीबाबा आश्रम और भरत मंदिर में भोर से ही श्रद्धालुओं का तांता लगना शुरू हो गया था. भक्तों ने अपने-अपने गुरुजनों के चरणों में पुष्प, फल, वस्त्र और दक्षिणा अर्पित कर उनका पूजन किया और जीवन में सुख-समृद्धि का आशीर्वाद प्राप्त किया.
सुरक्षा और यातायात के पुख्ता इंतजाम
श्रद्धालुओं की भारी आमद को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और पुलिस व्यवस्था पूरी तरह मुस्तैद दिखी. परिक्रमा मार्ग तथा प्रमुख मंदिर परिसरों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था. श्रद्धालुओं की सहूलियत और आवागमन को सुचारु रखने के लिए यातायात पुलिस ने विशेष प्रबंध किए थे, जिससे कोई अप्रिय घटना नहीं हुई. घंटों की मधुर ध्वनि, शंखनाद और मंदिरों से गूंजते भजनों ने पूरे वातावरण को अलौकिक बना दिया. चित्रकूट आए श्रद्धालुओं ने इस पावन अवसर को आध्यात्मिक ऊर्जा संचित करने और गुरु कृपा प्राप्त करने का अलभ्य अवसर बताया.
कामदगिरि परिक्रमा मार्ग पर उमड़ा जनसैलाब
भगवान कामतानाथ के दर्शन और कामदगिरि की परिक्रमा के लिए परिक्रमा मार्ग पर दिनभर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही. जय श्रीराम और कामतानाथ भगवान की जय के जयकारों के साथ श्रद्धालुओं ने परिक्रमा पूरी कर अपने परिवार की सुख-शांति व समृद्धि की कामना की.
परमहंस आश्रम धारकुंडी में उमड़ी आस्था
प्रसिद्ध धार्मिक स्थल परमहंस आश्रम धारकुंडी में गुरुचरण वंदना के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं और शिष्यों का भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा. दूर-दराज़ से पहुंचे हजारों भक्तों ने सदगुरु धाम समाधि स्थल पर नतमस्तक होकर विधि-विधान से गुरु पूजन किया. पूरा आश्रम परिसर जय गुरुदेव के जयकारों और आध्यात्मिक भजनों की गूंज से भक्तिमय माहौल में सराबोर नजर आया.
श्री मानसपीठ खजुरीताल में गुरु पूर्णिमा महापर्व पर उमड़ी हजारों श्रद्धालुओं की भारी भीड़
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर श्री मानसपीठ खजुरीताल में जगद्गुरु स्वामी श्री रामललाचार्य जी महाराज के सानिध्य में भव्य धार्मिक महोत्सव आयोजित हुआ. प्रातःकाल से वेदमंत्रों की गूंज के बीच श्रद्धालुओं ने गुरु पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया, जहां महाराज श्री ने गुरु कृपा को आत्मकल्याण का मार्ग बताया. कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण उमाकांत शुक्ला परिवार द्वारा जगद्गुरु का मिठाई से किया गया भव्य तुलादान रहा. इस अवसर पर अनेक विधायकों व प्रशासनिक अधिकारियों सहित हजारों श्रद्धालुओं ने गुरु दर्शन कर विशाल भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया.
अभयानंद आश्रम में गुरु पूर्णिमा पर उमड़ा आस्था का जनसैलाब
अमरपाटन स्थित मैहर रोड परमहंस स्वामी श्री अभयानंद जी महाराज के दिव्य समाधि स्थल पर गुरु पूर्णिमा का महापर्व बड़ी श्रद्धा और धूमधाम से मनाया गया. इस अवसर पर क्षेत्र के कोने-कोने से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने गुरु चरणों का पूजन-अर्चन कर पावन आशीर्वाद प्राप्त किया. पूरे दिन आश्रम परिसर गुरु वंदना, भजनों और धार्मिक अनुष्ठानों की गूंज से भक्तिमय बना रहा. कार्यक्रम के अंतिम चरण में आयोजित विशाल भंडारे में उपस्थित सभी भक्तों ने महाप्रसाद ग्रहण किया
