अंबिकापुर 06 सितंबर (वार्ता) छत्तीसगढ़ के सरगुजा में शनिवार को गेरशा जलाशय बांध के एक हिस्से में हुए सुराख से फसल बर्बाद होने की आशंका है।
आज सुबह लगभग नौ बजे गेरशा जलाशय बांध के एक हिस्से में बड़ा सुराख हो गया। स्थानीय चरवाहों ने इसकी सूचना गांव वालों दी।
बांध के साइड गेट के पास लगभग तीन मीटर का एक चौड़ा सुराख देखा गया है। इस बड़े सुराख से निकल रहे पानी के कारण बांध के नीचे करीब 30 एकड़ फसल के बर्बाद होने की आशंका जताई जा रही है। घटनास्थल पर पहुंचे सिंचाई विभाग की टीम ने स्थिति का निरीक्षण किया है। लेकिन,पानी की अधिकता के चलते फिलहाल कोई ठोस बचाव कार्य शुरू नहीं हो पाया है।
अंबिकापुर कलेक्टर ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया है तथा संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर सरगुजा विलास राव भास्कर भोस्कर ने बताया- “पानी के स्तर में कमी आने तक फसलों का बचाव कार्य शुरू नहीं किया जा सकता है। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए है और प्रभावित किसानों को राहत उपलब्ध कराने के लिए काम किया जा रहा है।
