
पटना। बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को बांका जिले के कटोरिया, भागलपुर के नाथनगर और मधेपुरा के आलमनगर में एनडीए प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभाएं कीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बिहार तेजी से प्रगति कर रहा है और यहां अपार विकास की संभावनाएं हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत बिहार के 74 लाख किसानों को लाभ मिल रहा है, जिससे उनका जीवन स्तर सुधर रहा है। उन्होंने कहा कि बिहार की धरती सनातन संस्कृति की प्रतीक है और छठ महापर्व अब विदेशों तक पहचान बना चुका है। डॉ. यादव ने कांग्रेस पर भगवान श्रीराम के अस्तित्व पर सवाल उठाने का आरोप लगाते हुए कहा कि अब बिहार की जनता उन्हें सबक सिखाएगी। उन्होंने कहा कि एनडीए परिवारवाद की नहीं, विकास की राजनीति करती है। प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार समृद्धि और धार्मिक पर्यटन के नए आयाम गढ़ रहा है। बिहार को आगे बढ़ाने के लिए तीसरी बार एनडीए सरकार जरूरी है।
