सिंगरौली: जिले की कई बस्तियों तक बिजली पहुंचने के दावों के बीच सरई तहसील के ग्राम पिपरी स्थित कुडवाडोल आदिवासी बस्ती में अब तक बिजली उपलब्ध नहीं होने की शिकायत सामने आई है। बस्ती में बिजली की सुविधा नहीं मिलने से ग्रामीणों और विद्यार्थियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में यज्ञभान सिंह पिता स्व. सम्हन सिंह ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित कलेक्टर की जनसुनवाई में आवेदन देकर समस्या के निराकरण की मांग की।
आवेदन में बताया गया है कि बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों से कई बार मौखिक रूप से शिकायत कर बस्ती में बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। बिजली के अभाव में बच्चों की पढ़ाई-लिखाई भी प्रभावित हो रही है। आवेदक ने कलेक्टर से मामले की जांच कराकर कुडवाडोल आदिवासी बस्ती में जल्द बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराने की मांग की है।
