जयपुर में गैस टैंकर में आग लगने से आठ लोगों की मौत

जयपुर 20 दिसंबर (वार्ता) राजस्थान की राजधानी जयपुर में अजमेर-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार सुबह एक गैस टैंकर में आग लगने के बाद उसके फैल जाने से आठ लोगों की मौत हो गई और करीब तीन दर्जन लोग घायल हो गये।

अजमेर रोड स्थित भांकरोटा के पास एक पेट्रोल पंप के समीप एक एलपीजी गैस से भरे टैंकर में अचानक भीषण आग लग गई और धमाका भी हुआ। इस दौरान आस पास के कई वाहन भी आग की चपेट में आ गये। मौके पर अफरातफरी मच गई और क्षेत्र में दहशत फैल गई।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार हादसे में पांच लोगों की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई तथा झुलसे लोगों को इलाज के लिए सवाई मानसिंह अस्पताल में लाया गया उनमें तीन लोगों ने और दम तोड़ दिया। अस्पताल आधिकारिक सूत्रों के अनुसार हादसे के गंभीर रुप से झुलसे 28 लोग अस्पताल के बर्न वार्ड में भर्ती हैं जिनमें छह वेन्टीलेटर पर हैं। घायलों में 15 लोग 50 प्रतिशत से अधिक झुलसे हुए हैं और वे गंभीर रुप से घायल है।

हादसे का पता चलते ही मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एसएमएस अस्पताल पहुंचे और घायलों की कुशलक्षेम पूछी और उनके बेहतर इलाज के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल के अधिकारियों को निर्देश दिए कि घायलों के इलाज में किसी भी प्रकार की कोताही नहीं होनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने घायलों को तुरंत सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। इसके बाद मुख्यमंत्री घटनास्थल पर पहुंचे जहां जयपुर पुलिस आयुक्त बीजू जॉर्ज जोसफ ने घटना और हादसे के बाद बनी स्थिति के बारे में जानकारी दी।

श्री शर्मा ने घटना में प्रत्येक मृतक के आश्रित को पांच लाख रुपए एवं घायलों को एक लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने का निर्णय लिया है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने हादसे पर गहरा दुख प्रकट किया हैं और उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा है कि जयपुर में हुई सडक दुर्घटना के कारण अनेक लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति की प्रार्थना की और उनके परिवारजनों के प्रति गहरी शोक संवदेनाएं वयक्त की। उन्होंने घायलों के प्रति शीघ्र सवस्थ होने की कामना भी की।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी हादसे से गहरा दुख प्रकट किया और हादसे के प्रत्येक मृतक के आश्रितों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो लाख रुपए की सहायता देने एवं घायलों को 50 हजार रुपए की सहायता देने की घोषणा की। राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागड़े ने भी घटना पर गहरा शोक जताया हैं। श्री बागडे ने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति एवं शाेक संतप्त परिजनों को यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। उन्होंने हादसे में घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी एवं डा प्रेम चंद बैरवा, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत , कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ तथा राज्य के कई मंत्रियों एवं विधायकों सहित अन्य कई नेताओं ने हादसे पर गहरा दुख प्रकट किया है और नेताओं का अस्पताल में आने का सिलसिला जारी हैं।

चिकित्सा मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का बेहतर इलाज एवं माकूल व्यवस्था के निर्देश दिए। कंट्रोल रूम स्थापित कर दिया गया है। आग में झुलसने से अति गंभीर व्यक्तियों की पहचान एवं परिजनों की सहायता के लिए सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग से भी एक टीम नियोजित की गई है, जो आधार नंबर, थंब इंप्रेशन एवं अन्य सूचनाओं के आधार पर सहायता उपलब्ध करवा रही है।

श्री खींवसर ने बताया कि मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के निर्देशानुसार घायलों के त्वरित उपचार और बेहतर चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है।

 

Next Post

छापे की कार्रवाई तीसरे दिन भी जारी, कई किलो सोना मिला

Fri Dec 20 , 2024
Share on Facebook Tweet it Share on Reddit Pin it Share it Email भोपाल, 20 दिसंबर (वार्ता) भोपाल के एक बड़े कारोबारी और उसके सहयोगियों के ठिकानों पर आयकर विभाग की कार्रवाई आज तीसरे दिन भी जारी है और इस बीच शहर के समीप सुनसान इलाके में एक कार से […]

You May Like

मनोरंजन