नयी दिल्ली 07 अक्टूबर (वार्ता) देश की स्टार एथलीट दीपा करमाकर ने सोमवार को जिमनास्टिक से संन्यास लेने की घोषणा कर दी।
दीपा ने आज सोशल मीडिया अपने 25 साल के उल्लेखनीय करियर के बाद आधिकारिक तौर पर प्रतिस्पर्धी जिमनास्टिक से संन्यास की घोषणा की है। 2016 रियो ओलंपिक में अपने ऐतिहासिक प्रदर्शन और प्रोडुनोवा वॉल्ट में महारत हासिल करने के लिए जानी जाने वाली करमाकर ने जिमनास्टर में अपनी यात्रा के लिए आभार व्यक्त किया।
उन्होंने एक्स पर भावुक पोस्ट में कहा, “बहुत विचार करने के बाद मैंने जिम्नास्टिक से संन्यास लेने का फैसला लिया है। यह निर्णय मेरे लिए आसान नहीं था, लेकिन अब सही समय लगता है। जिमनास्टिक मेरे जीवन का एक बड़ा हिस्सा रहा है और मैं इसके लिए आभारी हूं।”
उल्लेखनीय है कि दीपा ने 2014 राष्ट्रमंडल खेलों में कांस्य और 2018 आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक विश्वकप में स्वर्ण पदक हासिल किया था।