भोपाल, 03 अक्टूबर (वार्ता) मध्यप्रदेश के नवनियुक्त मुख्य सचिव अनुराग जैन ने आज यहां अपना पदभार ग्रहण किया।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार श्री जैन ने राज्य मंत्रालय स्थित अपने कक्ष में कार्यभार ग्रहण किया और वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा भी की। इस दौरान अपर मुख्य सचिव डॉ राजेश राजौरा और अपर मुख्य सचिव संजय दुबे समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों ने श्री जैन से मुलाकात कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। श्री जैन इसके पहले केंद्र में प्रतिनियुक्ति पर थे। श्री जैन के पहले इस पद पर श्रीमती वीरा राणा पदस्थ थीं और उनका कार्यकाल 30 सितंबर को पूरा हो गया है।
सूत्रों ने बताया कि श्री जैन ने राज्य के 35 वें मुख्य सचिव के रूप में कार्यभार ग्रहण किया। वे वर्ष 1989 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी हैं। उनका जन्म 11 अगस्त 1965 को मध्यप्रदेश के ग्वालियर जिले में हुआ। भारतीय प्रशासनिक सेवा में आने के बाद श्री जैन की पहली पोस्टिंग सागर में सहायक कलेक्टर के पद पर जून 1990 में हुई। बहुमुखी प्रतिभा के धनी श्री जैन की शैक्षणिक योग्यता बी.टेक. इंजीनियरिंग और एम.ए.लोक प्रशासन (यू.एस.ए.) है।
श्री जैन मंडला, मंदसौर और भोपाल जिलों में कलेक्टर के पद पर भी पदस्थ रहे हैं। श्री जैन ने मध्यप्रदेश शासन में सचिव, प्रमुख सचिव, और अपर मुख्य सचिव के रूप में विभिन्न विभागों के दायित्वों का निर्वहन किया। मुख्य सचिव श्री जैन केंद्र सरकार में भी प्रतिनियुक्ति पर महत्वपूर्ण पदों पर पदस्थ रहे।