भोपाल, 11 अगस्त (वार्ता) मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में कल भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा की अगुवायी मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव करेंगे। इस मौके पर खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग भी मौजूद रहेंगे। यात्रा नरेला विधानसभा में सुभाष आरओबी से निकाली जाएगी।
तिरंगा यात्रा में भारतीय हाकी खिलाड़ी विवेक सागर भी सम्मिलित होंगे| तिरंगा यात्रा के स्वागत में 101 मंच लगेंगे, जिनसे सभी समाजों, सभी वर्ग के लोग पुष्पवर्षा कर स्वागत करेंगे| तिरंगा में भाग लेने के लिए ऑनलाइन पंजीयन करने वालों को डिजीटल प्रमाण पत्र भी प्रदान किये जायेंगे| आज तिरंगा यात्रा की तैयारियों को लेकर मंत्री श्री सारंग ने जिला प्रशासन के साथ यात्रा स्थल का दौरा किया| तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में खिलाड़ी, गणमान्य नागरिक और सामाजिक कार्यकर्त्ता भाग लेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवाह्न पर देश भर में ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के अंतर्गत प्रदेशभर में तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है। इसी तारतम्य में कल मुख्यमंत्री डॉ यादव के मुख्य आतिथ्य में सुबह 9 बजे भोपाल के सुभाष नगर आरओबी से भव्य व विशाल तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है। रूट पर सैकड़ों मंचों के माध्यम से भोपाल की जनता द्वारा तिरंगा थामे यात्रा का पुष्पवर्षा कर अभिनंदन किया जाएगा।
मंत्री श्री सारंग ने बताया कि तिरंगा यात्रा सुभाष नगर से प्रस्थान कर विभिन्न मार्गों से होते हुए मुख्य रेलवे स्टेशन तक जाएगी। यात्रा मार्ग में 101 स्वागत मंच बनाए जा रहे हैं। इन स्वागत मंचों पर समाज का हर वर्ग यात्रा के स्वागत के लिए उपस्थित होगा। रहवासी, शासकीय और अशासकीय व्यक्ति, स्पोर्ट्स क्लब, सोसायटी, खिलाड़ी, कोच, अकादमी, स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थी और स्टॉफ, विभिन्न जनसंगठन, सामाजिक संगठन आदि तिरंगा यात्रा का भव्य स्वागत करेंगे।
श्री सारंग ने बताया कि तिरंगा यात्रा में भाग लेने के लिए जो ऑनलाइन पंजीयन करायेंगे उनको तिरंगा यात्रा के समापन के पश्चात डिजीटल प्रमाण पत्र प्रदान किये जायेंगे। तिरंगा यात्रा में दो बार ओलम्पिक में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय हाकी टीम के मिड फील्डर विवेक सागर और शूटिंग में दो बार के ओलम्पियन व अर्जुन अवार्डी ऐश्वर्य प्रताप सिंह विशिष्ट अतिथि रहेंगे।