
देवसर । जिले के देवसर तहसील क्षेत्र अंतर्गत ग्राम ढोंगा में बांध निर्माण परियोजना के लिए किए जा रहे भू-अर्जन को लेकर किसानों का आक्रोश खुलकर सामने आया। भू-अर्जन प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए 18 से अधिक प्रभावित किसान निर्माण स्थल पर पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन करते हुए निर्माण कार्य रोकवा दिये। किसानों ने आरोप लगाया कि भू-अर्जन की प्रक्रिया में वर्ष 2013 के भू-अर्जन कानून के प्रावधानों का पालन नहीं किया गया है।
विरोध प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने भी मोर्चा संभाला और अपनी आपत्तियां दर्ज कराईं। प्रभावित किसानों का कहना है कि जब तक भू-अर्जन से संबंधित कानूनी प्रक्रियाओं का पालन, उचित मुआवजे और प्रभावित परिवारों के वैधानिक अधिकारों का निराकरण नहीं किया जाता, तब तक निर्माण कार्य आगे नहीं बढ़ने दिया जाएगा। इधर अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब प्रशासन के अनुसार भूमि का अवार्ड हो चुका है, तो प्रभावित किसानों की आपत्तियां किस आधार पर हैं? क्या सभी प्रभावित किसानों को नियमानुसार मुआवजा मिल चुका है? क्या पुनर्वास और अन्य वैधानिक अधिकारों की प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है? बांध परियोजना के निर्माण और किसानों के कानूनी अधिकारों के बीच प्रशासन किस तरह संतुलन बनाएगा, यह आने वाला समय बताएगा।
तहसीलदार ने कहा मामला सुलझ जाएगा
उक्त मामले में तहसीलदार प्रदीप सिंह ने बताया कि संबंधित भूमि का अवार्ड हो चुका है और प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि जल्द ही मामले को स्पष्ट कर दिया जाएगा। तहसीलदार के अनुसार इसके बाद ग्रामीणों द्वारा बांध निर्माण कार्य में कोई बाधा नहीं डाली जा रही है। इधर किसानों के विरोध की सूचना मिलते ही राजस्व विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने प्रभावित किसानों से बातचीत कर उनकी आपत्तियां सुनीं और स्थिति को संभाला। हालांकि, किसानों की ओर से उठाए गए सवालों और भू-अर्जन प्रक्रिया से जुड़े दस्तावेजों की वास्तविक स्थिति अभी स्पष्ट होना बाकी है।
