अहिरी नृत्य प्रतियोगिता में उपली जुन्नारदेव की मंडली ने मारी बाजी

छिंदवाड़ा। ग्रामीण अंचलों की समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपरा और जनजातीय लोककला का अनूठा संगम सोमवार को ग्राम उभेगांव में देखने को मिला। रामधुन समिति एवं दुर्गा मंदिर समिति के तत्वावधान में बाजार चौक पर भव्य अहिरी नृत्य प्रतियोगिता एवं मड़ई मेले का आयोजन किया गया। पारंपरिक वेशभूषा, ढोल-मांदल की थाप और लोकगीतों की मधुर धुनों के बीच विभिन्न क्षेत्रों से पहुंची अहिरी नृत्य मंडलियों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। पूरे आयोजन में ग्रामीण संस्कृति की जीवंत झलक दिखाई दी और देर तक उत्सव का माहौल बना रहा। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राधाकृष्ण मंडल उपली, जुन्नारदेव ने प्रथम स्थान हासिल कर 11 हजार रुपये का पुरस्कार अपने नाम किया। वहीं जय बजरंग मंडल सगोनिया, अमरवाड़ा ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर 7100 रुपये, पारसमणी मंडल सामरबोह ने तृतीय स्थान प्राप्त कर 5100 रुपये और जय भोले मंडल पातालेश्वर, छिंदवाड़ा ने चतुर्थ स्थान प्राप्त कर 3100 रुपये का पुरस्कार हासिल किया। इसी तरह जय बजरंग मंडल डबरी, जुन्नारदेव को पंचम पुरस्कार 2101 रुपये, राधाकृष्ण मंडल सिरसचक्की खमरिया को छठवां पुरस्कार 1501 रुपये और राधाकृष्ण मंडल ढोलढ़ाना दबक, जुन्नारदेव को सातवां पुरस्कार 1100 रुपये प्रदान किया गया।

लोककला के विभिन्न पहलुओं पर हुआ मूल्यांकन ००००००

प्रतियोगिता में शामिल मंडलियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन निर्धारित मापदंडों के आधार पर किया गया। इसमें साज-सज्जा एवं रामसज्जित गायन के लिए 30 अंक, नृत्य के लिए 20 अंक, देशभाषा के लिए 20 अंक, साज-बाज के लिए 20 अंक और अनुशासन के लिए 10 अंक निर्धारित किए गए थे। प्रतियोगिता में शामिल सभी मंडलियों को सांत्वना पुरस्कार स्वरूप शाल-श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया।

सांसद सहित जनप्रतिनिधियों की रही उपस्थिति ००००००

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छिंदवाड़ा सांसद विवेक बंटी साहू शामिल हुए। इसके अलावा भाजपा जिला अध्यक्ष शेषराव यादव, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अमित सक्सेना, युवक कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं अमरवाड़ा विधानसभा प्रभारी विनोद यदुवंशी, छिंदवाड़ा विधानसभा पर्यवेक्षक मनीष पांडे, किसान कांग्रेस छिंदवाड़ा शहर अध्यक्ष अर्जुन वानखेड़े, कांग्रेस सेवादल यंग ब्रिगेड जिला अध्यक्ष पंचम अमरोदे सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। आयोजन में ग्राम के वरिष्ठ नागरिकों एवं गणमान्य व्यक्तियों का विशेष सम्मान भी किया गया।

Next Post

राजस्व वसूली शिविरों में 21 लाख रुपये वसूले, 6 नल कनेक्शन काटे

Wed Nov 25 , 2026
छिंदवाड़ा। नगर निगम की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ बनाने, करदाताओं को उनके वार्ड के नजदीक ही कर जमा करने की सहज सुविधा उपलब्ध कराने तथा शहर में अनधिकृत गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से नगर निगम आयुक्त सीपी राय के मार्गदर्शन में विभिन्न वार्डों में विशेष राजस्व […]

You May Like