
देवास। कभी खनन, ब्लास्टिंग और डंपरों के शोर से अपनी पहचान खो चुकी देवास की शंकरगढ़ पहाड़ी आज पर्यावरण संरक्षण का आदर्श मॉडल बन गई है। इसी कायाकल्प को समझने के लिए वन विभाग के वन विद्यालय, झाबुआ (सामान्य वन मंडल) के 84वें वनरक्षक प्रशिक्षण सत्र के प्रशिक्षु वनरक्षक अध्ययन प्रवास पर शंकरगढ़ पहाड़ी पहुंचे। यहां उन्होंने वन विभाग, प्रशासन और जनभागीदारी से विकसित नगर वन का अवलोकन कर संरक्षण कार्यों की जानकारी प्राप्त की। भ्रमण के दौरान ग्रीन आर्मी के समरजीत जाधव ने प्रशिक्षुओं को पब्लिक पार्टिसिपेशन फॉरेस्ट (जनभागीदारी वन) की अवधारणा और देवास मॉडल की सफलता के बारे में बताया। उन्होंने समझाया कि किस प्रकार वन विभाग, सामाजिक संस्थाओं और नागरिकों के सामूहिक प्रयासों से उजड़ी पहाड़ी को हरियाली से आच्छादित करने की दिशा में कार्य किया गया। साथ ही पहाड़ों के संरक्षण और नदियों, तालाबों तथा जंगलों के अस्तित्व में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका से भी अवगत कराया। प्रशिक्षु वनरक्षकों ने पहाड़ी पर निर्मित वाटर कैचमेंट एरिया, तालाब, गेबियन चेक डैम और कंटूर ट्रेंच का अवलोकन कर जल एवं मृदा संरक्षण की तकनीकें समझीं। अध्ययन भ्रमण में झाबुआ से ट्रेनिंग एसडीओ सीमा सिंह, सेवानिवृत्त रेंजर एवं प्रशिक्षक विजय वर्मा, देवास डिप्टी रेंजर श्याम शर्मा, सोनकच्छ डिप्टी रेंजर कृष्णा यादव, शंकरगढ़ प्रभारी संदीप बोरीवाल उपस्थित रहे।
