अवंतिका गैस परिसर में एयर स्ट्राइक की मॉक ड्रिल, धमाके के बाद चंद मिनटों में संभला मोर्चा

ग्वालियर। हजीरा थाना क्षेत्र में ट्रिपल आईटीएम के सामने स्थित अवंतिका गैस परिसर बुधवार शाम अचानक युद्ध जैसे हालात का गवाह बना। एयर स्ट्राइक, जोरदार धमाका, सीएनजी से भरे वाहन में आग, घायल कर्मचारी, ब्लैक आउट और गूंजता डिजास्टर सायरन। यह किसी वास्तविक हमले का दृश्य नहीं था, बल्कि जिला प्रशासन की ओर से आयोजित जीवंत मॉक ड्रिल थी। शाम सात बजे शुरू हुए इस अभ्यास में पुलिस, नगर निगम, राज्य आपदा प्रबंधन दल और गैस एजेंसी ने संयुक्त रूप से हिस्सा लिया।

भारत सरकार के गृह मंत्रालय के महानिदेशालय अग्निशमन सेवा एवं नागरिक सुरक्षा तथा राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के निर्देशों पर आयोजित इस अभ्यास का उद्देश्य आपात परिस्थितियों में विभिन्न बचाव एजेंसियों की तत्परता, कार्यक्षमता और आपसी समन्वय को परखना था।

ड्रिल के दौरान सबसे पहले बम निरोधक दस्ते ने पूरे परिसर की सघन तलाशी ली। तलाशी में एक संदिग्ध बम बरामद हुआ, जिसे दस्ते ने सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय किया। इसके बाद राज्य आपदा प्रबंधन दल के सहयोग से जिला प्रशासन की मेडिकल टीम ने घायलों को तत्काल प्राथमिक उपचार देकर एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाने का अभ्यास किया। वहीं नगर निगम के अग्निशमन दस्ते और राज्य आपदा प्रबंधन दल ने संयुक्त रूप से सीएनजी वाहन में लगी आग बुझाने की कार्रवाई का प्रदर्शन किया।

मॉक ड्रिल के तहत शर्मा फॉर्म क्षेत्र की बस्तियों में प्रतीकात्मक ब्लैक आउट भी कराया गया। इसके माध्यम से आपात स्थिति में चेतावनी तंत्र सक्रिय करने, राहत एवं बचाव दलों की त्वरित तैनाती तथा विभिन्न एजेंसियों के बीच प्रभावी तालमेल की प्रक्रिया को परखा गया। इस अभ्यास ने आपदा के समय त्वरित निर्णय, संसाधनों के प्रभावी उपयोग और समन्वित कार्रवाई के महत्व को रेखांकित किया।

मॉक ड्रिल के दौरान अपर जिला दंडाधिकारी सी.बी. प्रसाद, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिवेष सिंह बघेल, एसडीएम प्रदीप कुमार शर्मा, सीएसपी नागेन्द्र सिंह सिकरवार और विजय भदौरिया, कमांडेंट एसडीआरएफ आर.डी. सिंह, जिला स्वास्थ्य अधिकारी दीपाली माथुर, गैस कंपनी के अधिकारी सी.वी. झा, कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण उपाध्याय और अवंतिका गैस एजेंसी के अधिकारी अंकेश गर्ग सहित जिला प्रशासन, पुलिस, राज्य आपदा प्रबंधन एवं गेल कंपनी के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।

Next Post

ऊर्जा मंत्री के ओएसडी जेपी गुप्ता की माताश्री का निधन 

Wed Nov 25 , 2026
ग्वालियर। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी जेपी गुप्ता की माताश्री श्रीमती रामश्री देवी गुप्ता पत्नी स्वर्गीय आशाराम सेठ (खनियांधाना वाले) का लम्बी बीमारी के बाद बुधवार सुबह 9 बजे देवलोक गमन हो गया। उनकी आयु 84 वर्ष थी। उनकी अंतिम यात्रा गुरुवार 26 नवंबर को सुबह […]

You May Like