स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस के जनरल कोच के पहियों में अचानक लगी आग

ग्वालियर। जिले के डबरा कस्बे में रेलवे प्रशासन की सतर्कता से बड़ा रेल हादसा होने से टल गया। यहां से गुजर रही हजरत निजामुद्दीन से विशाखापटनम जाने वाली विशाखापट्टनम स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस के जनरल कोच के पहियों में अचानक आग लग गई। सबसे पहले रेलवे फाटक पर तैनात गेटमैन ने चिंगारी उठते देखी। इसके बाद तत्काल ही डबरा-ग्वालियर के बीच पड़ने वाले आंतरी स्टेशन पर सूचना दी गई। सूचना मिलते ही ट्रेन को तत्काल अनंतपैठ स्टेशन पर रोका गया और समय रहते फायर इक्विपमेंट की मदद से आग नियंत्रित की गई। इस दौरान ट्रेन आधे घंटे अनंत पैठ स्टेशन पर खड़ी रही। हालात सामान्य होने पर ट्रेन को रवाना कर दिया गया है।

रेल प्रबंधन के अनुसार हजरत निजामुद्दीन से चलकर तिरुवनंतपुरम सेंट्रल स्टेशन जा रही विशाखापटनम स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 12804) ट्रेन हजरत निजामुद्दीन स्टेशन से अपने गंतव्य के लिए निकली थी। घटना की जानकारी उस समय लगी जब ट्रेन ग्वालियर स्टेशन से गुजरने के बाद अनंतपेठ की तरफ बढ़ रही थी, तभी रास्ते में पड़ने वाले ‘गेट कमांड 400’ पर तैनात गेटमैन ने ट्रेन के पीछे से तीसरे नंबर के जनरल कोच के पहियों से तेज चिंगारी उठते देखी। खतरे को भांपते हुए गेटमैन ने बिना देरी किए स्टेशन मास्टर को सूचना दी। इसके बाद लोको पायलट ने आपातकालीन स्थिति में अनंतपेठ स्टेशन पर ट्रेन रोकी।

अनंतपेठ स्टेशन पर ट्रेन के रुकते ही कोच के नीचे से धुआं उठता देख यात्रियों में अफरा-तफरी फैल गई। यात्री तुरंत ही डिब्बों से नीचे उतरकर प्लेटफॉर्म पर आ गए। देखते ही देखते स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थिति की गंभीरता से लेते हुए रेलवे प्रशासन और स्टेशन कर्मचारियों ने तत्परता दिखाई। स्टेशन और ट्रेन में उपलब्ध अग्निशमन यंत्रों से पहियों से उठी चिंगारियों के कारण लगी आग पर तुरंत ही काबू पा लिया।

*गेटमैन समय रहते न देख पाता तो चलती ट्रेन में आग लगने की थी संभावना*

आग पर काबू पाने के बाद रेलवे प्रशासन के अधिकारियों ने कोच के निचले हिस्से की गहन जांच की। इस पूरी प्रक्रिया और मरम्मत कार्य में स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से करीब 35 मिनट तक अनंतपेठ स्टेशन पर खड़ी रही। ट्रेन में सवार यात्रियों ने राहत की सांस लेते हुए कहा कि अगर गेटमैन ने समय रहते पहियों से निकलती चिंगारी को न देख पाता तो चलती ट्रेन में आग लगने की संभावना काफी अधिक थी, जिससे कोई बड़ी घटना भी हो सकती थी।

Next Post

मदद मांगी उसी ने उड़ाए 8 लाख, पुलिस ने 2 दिन में किया खुलासा

Wed Nov 25 , 2026
खंडवा। महाराष्ट्र के मलकापुर मंडी में कपास बेचकर खंडवा लौट रहे किसानों को बातों में उलझाकर 8 लाख 10 हजार रुपये की चोरी करने वाले दो शातिर आरोपियों को कोतवाली पुलिस ने महज 2 दिन के अंदर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने चोरी की गई पूरी रकम भी बरामद […]

You May Like