लाडली बहनों को दीपावली बाद से मिलेंगे 1500 रुपए: सीएम यादव

*कांग्रेस पर साधा निशाना*

शिवपुरी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सेवा पखवाड़ा के तहत आयोजित महिला सम्मेलन में लाडली बहनों के लिए बड़े ऐलान किए और कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला। कृषि उपज मंडी नरवर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में सीएम ने कहा कि दीपावली के बाद लाडली बहनों को 1250 रुपए की जगह 1500 रुपए दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि भाजपा सरकार ने कमिटमेंट 3000 रुपए का किया था, जिसे कुछ समय बाद पूरा किया जाएगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि नादान कांग्रेस बहनों का अपमान करती है और उन्हें शराब पीने वाली बताती है। ये कांग्रेसी चुनाव के समय फिर आएंगे, बहनों अब इन्हें जवाब आपको देना है। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया के उन 200 देशों में से एक है जो नारी का सम्मान करता है और इसे भारत माता मानता है, लेकिन कांग्रेस इस सम्मान की अवहेलना करती है। मुख्यमंत्री ने किसानों की हितकारी योजनाओं का ब्योरा दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने धान की फसल का बोनस दिया है और भावांतर योजना लागू कर किसानों को राहत पहुंचाई है। उन्होंने बताया कि पिछले साल सोयाबीन का भाव 4800 रुपए था जबकि इस साल इसे 5328 रुपए कर दिया गया है। फसल हल्की होने पर बीज खरीद में सरकार लाभ देगी।

मुख्यमंत्री ने बाढ़ प्रभावित किसानों के लिए भी 10 करोड़ रुपए का मुआवजा देने की जानकारी दी। मंच से उन्होंने करैरा विधानसभा क्षेत्र में कई सौगातों का वितरण किया। शिवपुरी जिले में 48.90 करोड़ रुपए की लागत से 9 निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया गया जबकि 136.67 करोड़ रुपए की लागत से होने वाले 56 निर्माण कार्यों का भूमि पूजन भी किया गया।

*नरवर को मिली विकास की कई सौगातें*

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नरवर किले तक रोपवे बनाने की योजना की घोषणा की जिससे नरवर का पर्यटन बढ़ावा मिलेगा। इसके अलावा उन्होंने नरवर में आईटीआई कॉलेज खोलने, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को अपग्रेड करने, नरवर–डबरा मार्ग मगरौनी के पास सिंध नदी पर पुल निर्माण जैसी परियोजनाओं की जानकारी दी।

Next Post

संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय पर बंगलादेश के लोगों का प्रदर्शन, यूनुस को बताया पाकिस्तान का एजेंट

Sat Sep 27 , 2025
न्यूयॉर्क, 27 सितंबर (वार्ता) बंगलादेश के अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मुहम्मद यूनुस ने न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा के 80वें सत्र में शुक्रवार को संबोधित करते हुए कहा कि दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय सहयोग संगठन (दक्षेस) को दोबारा सक्रिय करने का समय आ गया है। श्री यूनुस के संबोधन के […]

You May Like