
नीमच. जिले की जावद तहसील के ग्राम नई बावल में जमीन पर कथित कब्जे, जातिगत गाली-गलौच और जान से मारने की धमकी का मामला सामने आया है। गांव की विधवा महिला कमलाबाई भील ने कन्हैयालाल पिता किशनलाल अहीर पर अपने मकान के आगे की खुली जमीन पर पत्थर डालकर कब्जा करने तथा विरोध करने पर धमकाने के आरोप लगाए हैं। पीडि़ता ने पुलिस अधीक्षक के नाम आवेदन सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है।
शिकायत के अनुसार, कमलाबाई अपने मकान में पुत्री के साथ रहती हैं। उनके मकान के आगे स्थित खुली जमीन पर पड़ोस में रहने वाले कन्हैयालाल द्वारा कई दिनों से पत्थर डालकर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। महिला का आरोप है कि पूर्व में भी आरोपी ने उनके मकान के समीप की जमीन पर जोर-जबरदस्ती कब्जा कर अपने घर आने-जाने का रास्ता बना लिया था। हाल ही में जमीन पर गड्ढे खोदने और पत्थर डालने की जानकारी मिलने पर जब उन्होंने विरोध किया, तो आरोपी ने कथित तौर पर जातिगत गाली-गलौच करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
धमकियों से भयभीत महिला ने छोड़ा अपना घर
कमलाबाई ने शिकायत में बताया कि वह विधवा और मजदूर महिला हैं। आरोपी की कथित प्रताडऩा और धमकियों से भयभीत होकर वह अपनी पुत्री के साथ मकान पर ताला लगाकर दूसरी जगह किराये से रहने को मजबूर हैं। उन्होंने प्रशासन से जमीन पर डाले गए पत्थर हटवाने, अवैध कब्जे के प्रयास पर रोक लगाने तथा जातिगत अपमान और धमकी के आरोपों की जांच कर वैधानिक कार्रवाई करने की मांग की है।आरोपों की जांच बाद मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
