
छतरपुर। व्यस्त बस स्टैंड क्षेत्र में जटाशंकर होटल के सामने एक तेज रफ्तार कार ने ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे ई-रिक्शा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा इतना भीषण था कि ई-रिक्शा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक सड़क पर गिरकर तड़पने लगा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार तेज गति से आ रही थी और अचानक अनियंत्रित होकर ई-रिक्शा से जा टकराई। टक्कर के तुरंत बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने मानवता दिखाते हुए घायल चालक को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों द्वारा उसका इलाज किया जा रहा है। चिकित्सकों के मुताबिक घायल की हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना में शामिल कार के पीछे “साइट पुलिस” और “राणा जु” लिखा हुआ था, जो पुलिस जांच में अहम सुराग माना जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। फरार कार चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा तलाश जारी है।
