गुना: म्याना थाना अंतर्गत ग्राम गजनाई में एक 30 वर्षीय मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक के साथियों का कहना है कि मौत करंट लगने से हुई है, जबकि परिजनों ने घटना को संदिग्ध बताते हुए गहरा संदेह व्यक्त किया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, कैंट थाना क्षेत्र के पगारा निवासी प्रमोद अहिरवार (30 वर्ष) गुरुवार सुबह करीब 7 बजे अपने घर से मजदूरी पर जाने का कहकर निकला था। उसने परिजनों को बताया था कि वह भूसा भरने जा रहा है। जब वह शाम तक घर नहीं लौटा, तो परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे साथ में काम करने वाले लोगों ने सूचना दी कि प्रमोद की करंट लगने से मौत हो गई है।
प्रमोद के साथ मजदूरी कर रहे लोगों का कहना है कि वे गजनाई निवासी एक ग्रामीण के यहाँ ट्रैक्टर-ट्रॉली पर भूसा भरने गए थे। काम के दौरान ट्रॉली पर वेल्डिंग का कार्य चल रहा था, तभी अचानक प्रमोद करंट की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।वहीं, जिला अस्पताल पहुँचे परिजनों ने साथियों के इस दावे को पूरी तरह नकार दिया है। मृतक के भाई का कहना है कि प्रमोद के शरीर पर करंट लगने का कोई भी निशान नजर नहीं आ रहा है, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत होता है। परिजनों ने निष्पक्ष जांच की मांग की है।
घटना की सूचना मिलते ही म्याना पुलिस ने मामले को संज्ञान में लिया है। शुक्रवार को जिला अस्पताल में मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस घटना स्थल का मुआयना कर साथियों और संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही है।
