भारतीय कंपनियों के लिए प्रौद्योगिकी, एआई, जलवायु परिवर्तन से जुड़े जोखिम सबसे ऊपर: रिपोर्ट

मुंबई, 24 नवंबर (वार्ता) भारतीय कंपनियों के लिए दीर्घावधि में प्रौद्योगिकी, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और जलवायु परिवर्तन से जुड़े जोखिम सबसे बड़े हैं जबकि अल्पावधि में साइबर सिक्योरिटी सबसे ऊपर है। आईसीआईसीआई लोम्बार्ड और इंस्टीट्यूट ऑफ रिस्क मैनेजमेंट (आईआरएम) के इंडिया एफिलिएट ने इंडिया रिस्क रिपोर्ट का चौथा संस्करण मंगलवार को जारी किया। इस रिपोर्ट में बताया गया है कि प्रौद्योगिकी एआई, भू-राजनैतिक तनाव और जलवायु परिवर्तन जैसे कारक किस प्रकार एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं। इनका असर कंपनियों के कामकाज, आपूर्ति श्रृंखला और वित्तीय प्रदर्शन पर पड़ सकता है।

रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि कंपनियों के कामकाज में नियमों का पालन, पारदर्शिता और बेहतर प्रबंधन यानी प्रशासन की गुणवत्ता तय करती है कि इन आपस में जुड़े जोखिम का असर कितना गंभीर होगा और कंपनी उनसे निपटने में कितनी सक्षम होगी।

यह रिपोर्ट जोखिम को लेकर कंपनियों की सोच के बारे में कराए गए सर्वेक्षण पर आधारित है। इसमें अलग-अलग सेक्टर की 253 कंपनियों ने हिस्सा लिया। रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि बदलते हालात के हिसाब से बीमा सेवा में किस तरह के बदलाव की जरूरत है।

साइबर जोखिम को अल्पावधि में कंपनियों की सबसे बड़ी चिंता बताया गया है। वहीं, दीर्घावधि में प्रौद्योगिकी और एआई को सबसे बड़ा जोखिम माना गया है। जलवायु परिवर्तन पहली बार तीन सबसे बड़े दीर्घावधि जोखिमों में शामिल हुआ है। इसके अलावा, भू-राजनैतिक तनाव और कारोबार से जुड़ी अनिश्चितताएं भी कंपनियों की तैयारियों की परीक्षा ले रही हैं।

बदलते समय में जोखिम से निपटने के लिए बीमा समाधानों में विविधता की बढ़ती जरूरत को देखते हुए आईसीआईसीआई लोम्बार्ड ने ऐसे उत्पाद पेश किए हैं जो बारिश, तापमान, नमी, चक्रवात, बाढ़, हवा की गुणवत्ता और सूरज से मिलने वाली ऊर्जा समेत 18 से अधिक मापने योग्य मानदंडों पर आधारित हैं।आईसीआईसीआई लोम्बार्ड में सरकारी कारोबार के प्रमुख आनंद सिंघी ने कहा, “अब किसी भी कारोबार की मजबूती इस बात से तय नहीं होती कि वह किसी संकट के बाद कितनी जल्दी उससे उबरता है, बल्कि इस बात से तय होती है कि वह आने वाले जोखिम को कितनी अच्छी तरह पहले से पहचानता है और उनसे निपटने की कितनी तैयारी करता है। जलवायु में तेजी से हो रहे बदलाव और दूसरे नए जोखिम के बढ़ने के साथ ही कंपनियों को ऐसे समाधानों की जरूरत है, जो डेटा, तकनीक और बीमा सुरक्षा को एक साथ जोड़कर अनिश्चित हालात में भी उन्हें भरोसे के साथ आगे बढ़ने में मदद करें।”

रिपोर्ट में कहा गया है कि एआई को अपनाने से जुड़ी सबसे बड़ी चिंता सूचना की सुरक्षा को लेकर है। कामकाज की क्षमता और कार्यकुशलता बढ़ाना एआई का सबसे बड़ा फायदा माना गया है। इसके लिए 55.1 प्रतिशत लोगों ने इसे अपनी पहली पसंद बताया है। सर्वे में शामिल केवल 29 प्रतिशत लोगों ने कहा कि उनके संगठनों के पास भू-राजनैतिक परिस्थितियों से जुड़े जोखिम से निपटने के लिए रणनीति और जरूरी क्षमताएं दोनों मौजूद हैं।

 

 

Next Post

हसीना की 16 दिसंबर को बंगलादेश लौटने की योजना, अधिकारियों ने प्रत्यर्पण के बिना वापसी की संभावना की खारिज

Tue Nov 24 , 2026
ढाका, 24 नवंबर (वार्ता) बंगलादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना 1971 के मुक्ति संग्राम की वर्षगांठ के अवसर पर 16 दिसंबर को अपने देश लौटने की योजना बना रही हैं। यह पहली बार है जब हसीना ने भारत से अपने प्रस्थान के लिए कोई निश्चित तारीख तय की है। यह […]

You May Like