हसीना की 16 दिसंबर को बंगलादेश लौटने की योजना, अधिकारियों ने प्रत्यर्पण के बिना वापसी की संभावना की खारिज

ढाका, 24 नवंबर (वार्ता) बंगलादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना 1971 के मुक्ति संग्राम की वर्षगांठ के अवसर पर 16 दिसंबर को अपने देश लौटने की योजना बना रही हैं। यह पहली बार है जब हसीना ने भारत से अपने प्रस्थान के लिए कोई निश्चित तारीख तय की है।

यह जानकारी उनके बेटे सजीब वाजेद ने सोशल मीडिया पर दी है। उन्होंने कहा कि बंगलादेश सरकार को “उनकी सुरक्षित, संरक्षित और निर्बाध वापसी की सुविधा प्रदान करने के लिए तेजी से, जिम्मेदारी से और पेशेवर तरीके से कार्य करना चाहिए, जिससे यह सुनिश्चित हो सके कि उनके संवैधानिक अधिकारों और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गारंटीकृत कानूनी सुरक्षा का पूरा सम्मान किया जाए।” उन्होंने कहा, “अपनी मातृभूमि लौटना एक मौलिक अधिकार है, न कि किसी सरकार के विवेक पर दिया जाने वाला कोई विशेषाधिकार।”

यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है, जब देश भारी सामाजिक-आर्थिक तनाव के साथ-साथ उनकी प्रतिबंधित पार्टी अवामी लीग के समर्थकों और सत्तारूढ़ बंगलादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) तथा जमात के बीच झड़पों से जूझ रहा है।

हसीना की वापसी की सूचना पर प्रतिक्रिया देते हुए देश की विदेश राज्य मंत्री शमा ओबैद इस्लाम ने कहा है कि पूर्व प्रधानमंत्री विदेश में किसी भी बंगलादेशी दूतावास या राजनयिक मिशन में कदम रखते ही गिरफ्तार कर ली जाएंगी।

सुश्री शमा ने मंगलवार को पत्रकारों से कहा, “उन्हें वापस आने दीजिए। अगर वे देश लौटती हैं, तो उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा। बस इतना ही। वे बंगलादेश में जहां भी जाएंगी, उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।” जुलाई 2024 के विद्रोह, जिसके कारण उन्हें सत्ता से बेदखल होना पड़ा था, के दौरान मानवता के खिलाफ अपराधों के लिए देश के अंतरराष्ट्रीय न्यायालय (आईसीजे) द्वारा हसीना को उनकी अनुपस्थिति में मौत की सजा सुनाई गई थी।

सुश्री शमा ने कहा कि मानवता के खिलाफ अपराधों के दोषी व्यक्तियों को पासपोर्ट जारी करने का कोई प्रावधान नहीं है, जिससे उनकी वापसी की संभावनाएं और भी कठिन हो गई हैं।

उन्होंने कहा, “यदि कोई मानवता के खिलाफ अपराध करता है, तो उसका पासपोर्ट रद्द कर दिया जाता है और नया पासपोर्ट जारी नहीं किया जाता है। मौजूदा संविधान के तहत इसका प्रावधान है।”

श्रीमती हसीना को दोषी बताते हुए उन्होंने कहा कि अन्य दोषियों पर लागू होने वाले कानूनी प्रावधान ही उन पर भी लागू होंगे और इस मामले पर आगे बहस करना समय की बर्बादी है।

इसी तरह, बंगलादेश के विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने 16 दिसंबर को लौटने के उनके दावों को खारिज करते हुए कहा है कि अपदस्थ प्रधानमंत्री को प्रत्यर्पण के बिना देश में लौटने की अनुमति नहीं दी जाएगी। श्री कबीर ने कहा, “किसी भी परिस्थिति में किसी भी आतंकवादी को प्रत्यर्पण के बिना लौटने की अनुमति नहीं दी जाएगी।” उन्होंने यह भी कहा, “वास्तविकता और अपेक्षाएं दो अलग-अलग चीजें हैं।” उन्होंने यह कहते हुए कि सुश्री हसीना कोई सामान्य वाणिज्यिक यात्री नहीं हैं, उनकी सड़क या हवाई मार्ग से बंगलादेश वापस आने की सभी अटकलों को कोरी कल्पना बताकर खारिज कर दिया। श्री कबीर ने कहा, “उन्हें केवल हथकड़ी में या कड़ी निगरानी में ही वापस लाया जा सकता है।”

इस बीच, प्रधानमंत्री के सूचना और प्रसारण सलाहकार जाहेद उर रहमान ने उनकी संभावित वापसी के बारे में एक सवाल का जवाब देते हुए कहा कि ढाका वर्तमान में उनके प्रत्यर्पण को लेकर भारत सरकार के साथ बातचीत कर रहा है। श्रीमती हसीना को दोषी अपराधी बताते हुए श्री जाहेद ने कहा कि उनके खिलाफ न्यायिक प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और उन्हें दोषी पाए जाने के बाद सजा सुनाई जा चुकी है, इसलिए यदि वे बंगलादेश लौटना चाहती हैं तो उनके प्रत्यर्पण में कोई कानूनी अड़चन नहीं है। उन्होंने कहा, “बंगलादेश उन्हें वापस चाहता है और वह खुद भी लौटना चाहती हैं, इसलिए भारत उनका प्रत्यर्पण कर सकता है, क्योंकि अब दोनों पक्षों का रुख एक जैसा हो गया है।”

 

Next Post

सिविल अस्पताल में कब शुरू होगी सोनोग्राफी...? गर्भवती महिलाओं को निजी सेंटरों पर मोटी रकम देकर कराना पड़ रही जांच

Tue Nov 24 , 2026
सुसनेर, 24 नवंबर. सिविल अस्पताल में सोनोग्राफी की सुविधा शुरू करने की मांग अब जोर पकडऩे लगी है. अस्पताल की नई बिल्डिंग बनकर तैयार हो चुकी है, लेकिन इसके बावजूद यहां अब तक सोनोग्राफी की सुविधा उपलब्ध नहीं हो पाई है. इसके चलते गर्भवती महिलाओं को सोनोग्राफी करवाने के लिए […]

You May Like