नयी दिल्ली, 24 नवंबर (वार्ता) उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस तथा समाजवादी पार्टी (सपा) के बीच गठबंधन और सीटों के बंटवारे को लेकर मंगलवार को दूसरे दौर की बातचीत हुई।
दोनों दलों के नेताओं ने बैठक के बाद कहा कि आज की बैठक भी कल की तरह सकारात्मक माहौल में सीट-दर-सीट चर्चा की और अगले दो दौर की बैठकों में सीटों के बंटवारे पर सहमति बनाकर गठबंधन को अंतिम रूप दिये जाने की उम्मीद जतायी।
कांग्रेस सांसद एवं उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी के आवास पर आज भी बातचीत का सिलसिला जारी रहा और जल्द ही गठबंधन तथा सीटों के बंटवारे पर अंतिम निर्णय को लेकर दो दौर की और बैठकें होगी। दोनों दलों के नेताओं ने सीटों और जीत की संभावनाओं पर व्यापक चर्चा की। कांग्रेस पहले ही सपा को 130 सीटों की सूची सौंप चुकी है। दोनों दलों नेताओं ने बातचीत के अभी एक-दो दौर की और बैठके होने की बात कही है।इसके बाद सीटों के बंटवारे पर फैसला होने की उम्मीद जतायी है।
बैठक के बाद सपा महासचिव राम गोपाल यादव ने कहा कि सीटों के बंटवारे को लेकर दोनों दलों के बीच आमने-सामने और सीट-दर-सीट चर्चा हुई है। सपा ने कांग्रेस को कुल 26 सीटों का प्रस्ताव दिया है। उन्होंने इसका ब्योरा देते हुए बताया कि इनमें दो सीटें ऐसी हैं, जिन पर कांग्रेस पिछले विधानसभा चुनाव में जीती थी और चार सीटें ऐसी हैं, जहां वह दूसरे स्थान पर रही थी। इसके अलावा 20 सीटें ऐसी हैं जहां पिछले चुनाव में सपा को 60 से 70 हजार वोट मिले थे, जबकि कांग्रेस को करीब दो हजार वोट मिले थे। उन्होंने कहा कि 403 सीटें बड़ी संख्या है और इस कारण पूरी चर्चा में समय लग रहा है, लेकिन अगले दो दौर की बैठकों में गठबंधन के तहत सीटों के बंटवारे को अंतिम रूप दे दिया जायेगा। अब तक हुई दोनों डर की बातचीत को उन्होंने सकारात्मक बताया।
सपा सांसद राजीव राय ने भी राम गोपाल यादव की बात का समर्थन करते हुए कहा कि कांग्रेस को 26 सीटों का प्रस्ताव दिया गया है और इन सीटों पर आगे चर्चा होगी।
बैठक के बाद कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि बातचीत सही दिशा में आगे बढ़ रही है और कई सीटों पर चर्चा हो चुकी है। उन्होंने कहा कि आंकड़ों के आधार पर प्रत्येक सीट पर चर्चा की गयी है और 403 विधानसभा सीटों में से आधे से अधिक पर बातचीत हो चुकी है। अगले दो दौर में बातचीत पूरी कर गठबंधन को अंतिम रूप दे दिया जायेगा और जल्द इसकी घोषणा होगी।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने कहा कि बातचीत सार्थक और सकारात्मक रही है। दोनों दल गठबंधन को मजबूत करने के लिए सकारात्मक बातचीत जारी रखेंगे तथा जल्द ही गठबंधन की घोषणा कर चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी जायेगी।
प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद ने कहा कि बातचीत अभी शुरू हुई है और प्रत्येक सीट पर सीट-दर-सीट चर्चा हो रही है। उन्होंने कहा कि गठबंधन में सीटें मांगने और आपसी सहयोग में हमेशा अंतर होता है। दोनों दल बैठकर आपसी सहमति से सीटों का फैसला करेंगे। हर चुनाव का माहौल और मुद्दे अलग होते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और सपा का गठबंधन मजबूत होगा और गठबंधन मजबूती से चुनाव लड़ेगा।
सपा सांसद इकरा हसन ने कहा कि सीट बंटवारे की बातचीत में दोनों पक्ष अपनी-अपनी दावेदारी और प्रस्ताव रखेंगे तथा दोनों दलों का नेतृत्व मिलकर अंतिम फैसला करेगा।
इस बीच सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लखनऊ में कहा कि सीट बंटवारे को लेकर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारी दी गयी है और बातचीत जारी है। उन्होंने कहा कि अभी यह कहना मुश्किल है कि किस दल को कितनी सीटें मिलेंगी। गठबंधन चुनाव जीतने के लिए होते हैं और दोनों दलों को एक-दूसरे को समायोजित करते हुए ऐसा तालमेल बनाना होगा ताकि भाजपा को हराया जा सके। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा को अपने दम पर चुनाव लड़ने के लिए भी दूसरों के सहारे की जरूरत पड़ रही है और सवाल किया कि उसे आखिर कितने गठबंधनों की जरूरत होगी।
