लेग स्पिनर अमित मिश्रा ने क्रिकेट से लिया संन्यास

नयी दिल्ली 04 सितंबर (वार्ता) अनुभवी भारतीय लेग स्पिनर अमित मिश्रा ने गुरुवार को क्रिकेट से संन्यास की लेने की घोषणा कर दी।

मिश्रा ने अपने सोशल मीडिया मंच कहा, “आज, 25 साल बाद, मैं क्रिकेट से संन्यास की घोषणा करता हूं – एक ऐसा खेल जो मेरा पहला प्यार, मेरा शिक्षक और मेरी खुशी का सबसे बड़ा स्रोत रहा है। यह यात्रा अनगिनत भावनाओं से भरी रही है – गर्व, कठिनाई, सीखने और प्यार के क्षण। मैं बीसीसीआई, हरियाणा क्रिकेट एसोसिएशन, मेरे कोचों, सहयोगी स्टाफ, सहकर्मियों और सबसे महत्वपूर्ण प्रशंसकों का तहे दिल से आभारी हूं, जिनके विश्वास और समर्थन ने मुझे हर कदम पर ताकत दी। शुरुआती दिनों के संघर्षों और त्यागों से लेकर मैदान पर बिताए अविस्मरणीय पलों तक, हर अध्याय एक ऐसा अनुभव रहा है जिसने मुझे एक क्रिकेटर और एक इंसान के रूप में आकार दिया है।”

उन्होंने कहा, “मेरे परिवार को ‘उतार-चढ़ाव भरे दौर में मेरे साथ मजबूती से खड़े रहने के लिए धन्यवाद। मेरे साथियों और मार्गदर्शकों को’ इस सफर को इतना खास बनाने के लिए धन्यवाद। इस अध्याय को समाप्त करते हुए, मेरा हृदय कृतज्ञता और प्रेम से भर गया है। क्रिकेट ने मुझे सब कुछ दिया है और अब, मैं उस खेल को कुछ वापस देने के लिए उत्सुक हूं जिसने मुझे वो बनाया जो मैं हूं।”

42 वर्षीय मिश्रा ने वह इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में तीन बार हैट्रिक बनाने वाले इकलौते भारतीय गेंदबाज है। उन्होंने 2003 से 2017 तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सभी प्रारूप खेले और 22 टेस्ट, 36 एकदिवसीय और 10 अंतरराष्ट्रीय टी-20 मैच खेले। उनका पिछला प्रतिस्पर्धी मैच आईपीएल 2024 में लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के लिए था।

मिश्रा आईपीएल में दिल्ली डेयरडेविल्स (अब कैपिटल्स), डेक्कन चार्जर्स, सनराइजर्स हैदराबाद और एलएसजी के लिए खेले। आईपीएल 2022 को छोड़कर, उन्होंने 2008 से 2024 तक टूर्नामेंट के सभी संस्करण खेले। उन्होंने 162 मैचों में 174 आईपीएल विकेट लिए हैं। इस मामले में वह आठवें स्थान पर है।

 

Next Post

भारत, सिंगापुर ने परस्पर सहयोग को मजबूत बनाने और दायरा बढ़ाने के लिए रोड मैप तैयार किया

Thu Sep 4 , 2025
नयी दिल्ली, 04 सितंबर (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत और सिंगापुर के बीच साझेदारी को परस्पर हितों, शांति, प्रगति और समृद्धि के साझा दृष्टिकोण से प्रेरित बताते हुए इसे विभिन्न क्षेत्रों में और अधिक प्रगाढ़ बनाने के लिए एक व्यापक रोड मैप तैयार किया है। दोनों देशों ने परस्पर […]

You May Like