पुतिन ने मोजतबा को ईरान का सर्वोच्च नेता चुने जाने पर दी बधाई

माॅस्को, 09 मार्च (वार्ता) रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने सोमवार को मोजतबा हुसैनी खामेनेई को ईरान का नया सर्वोच्च नेता चुने जाने पर मुबारकबाद दी है।

क्रेमलिन के अनुसार श्री पुतिन ने ईरान और वहां के लोगों के सामने खड़ी चुनौतियों से निपटने के लिए उन्हें कामयाबी की दुआ दी।श्री पुतिन ने एक बयान में कहा, “ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह सैयद मोजतबा हुसैनी खामेनेई… कृपया सर्वोच्च नेता के रूप में चुनाव पर आप मेरी दिली मुबारकबाद स्वीकार करें।”

रूसी राष्ट्रपति का यह बयान श्री मोजतबा खामेनेई को ईरान का नया सर्वोच्च नेता नियुक्त किये जाने के बाद आया है। गत 28 फरवरी को शुरू हुए संघर्ष के दौरान अमेरिका-इजरायली हमले में उनके पिता अली खामेनेई की मौत हो गयी थी। श्री मोजतबा की नियुक्ति ऐसे समय में हुई है, जब देश अपने आधुनिक इतिहास के सबसे गंभीर संकटों में से एक का सामना कर रहा है।

बयान में उन भारी जिम्मेदारियों का जिक्र किया गया है, जो क्षेत्रीय तनाव और मुश्किल भू-राजनीतिक हालात के बीच अब नये नेता के कंधों पर हैं।

श्री पुतिन ने कहा कि ईरान सैन्य हमले का विरोध करता है और ऐसे कामों के लिए बड़े साहस और समर्पण की जरूरत होगी। उन्होंने नये सर्वोच्च नेता को इन कठिन कार्यों को सुलझाने के लिए कामयाबी और हौसले की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा , “मुझे यकीन है कि आप अपने पिता के काम को सम्मान के साथ आगे बढ़ायेंगे और कड़े इम्तिहान के इस दौर में ईरानी लोगों को एकजुट रखेंगे।”

श्री पुतिन ने ईरान को रूस के निरंतर समर्थन और ईरानी दोस्तों के साथ एकजुटता का भरोसा भी दिया। उन्होंने कहा कि रूस हमेशा से ईरान का एक भरोसेमंद साझेदार रहा है और आगे भी रहेगा। उन्होंने जोर दिया कि रूस को उम्मीद है कि ईरान सशस्त्र आक्रामकता के खिलाफ अपने सैद्धांतिक विरोध को जारी रखेगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय संप्रभुता और क्षेत्रीय स्थिरता की रक्षा के लिए साहस, लचीलेपन और अटूट समर्पण की जरूरत होगी।

रूसी राष्ट्रपति के बयान ने ईरान के साथ करीबी रिश्ते बनाये रखने और संघर्ष कम करने के राजनयिक प्रयासों का समर्थन करने के रूस के इरादे को फिर से पुष्ट किया है।

 

You May Like