कार्तिक में महाकाल की दूसरी सवारी, रामघाट पर किया अभिषेक 

उज्जैन। कार्तिक मास में महाकाल की सोमवार को दूसरी सवारी निकली। शाम 4 बजे मंदिर के सभामंडप में पूजन के बाद पुलिस जवानों ने सलामी देकर राजाधिराज को नगर भ्रमण के लिए रवाना किया।

सवारी में मंदिर प्रबंध समिति का महाकाल बैंड, भजन मंडली, पुलिस बैंड, घुड़सवार दल और सशस्त्र पुलिस बल के जवान शामिल रहे। रास्ते भर श्रद्धालुओं ने जयकारों के साथ बाबा का स्वागत किया और दर्शन किए। सवारी महाकाल मंदिर से शुरू होकर महाकाल रोड, गुदरी चौराहा, बक्षी बाजार और कहारवाड़ी होते हुए रामघाट पहुंची। यहां मोक्षदायिनी शिप्रा के जल से भगवान महाकाल का अभिषेक, पूजन किया गया। शिप्रा तट पर पूजन पुजारी आशीष गुरु ने संपन्न कराया. इसके बाद सवारी गंधर्व घाट, गणगौर दरवाजा, मोड़ की धर्मशाला, कार्तिक चौक, खाती का मंदिर, सत्यनारायण मंदिर, ढाबा रोड, टंकी चौराहा, छत्री चौक, गोपाल मंदिर, पटनी बाजार और गुदरी बाजार होते हुए वापस महाकाल मंदिर पहुंची। सवारी के रामघाट पहुंचने पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए मौजूद रहे। मान्यता है कि भगवान महाकाल नगर भ्रमण के दौरान अपनी प्रजा का हाल जानने निकलते हैं।

सुबह भस्मारती में हुआ हरि-हर मिलन वैकुंठ चतुर्दशी पर रविवार देर रात में महाकाल की सवारी गोपाल मंदिर पहुंची जहां हरि-हरि मिलन संपन्न हुआ। इसे देखने के लिए हजारों लोग उमड़े। इसके बाद सोमवार को तडक़े 4 बजे महाकाल मंदिर में भस्मारती में भी पुजारियों ने हरिहर मिलन की परंपरा का निर्वहन किया। आरती के लिए मंदिर के पट खोले इसके बाद गर्भगृह में पूजन शुरू हुआ। पुजारी भगवान विष्णु की मूर्ति लेकर गर्भगृह में पहुंचे इसके बाद भगवान महाकाल से विष्णु जी का मिलन कराया गया। अभिषेक-पूजन कर भोग लगाया गया। दूध, दही, घी, शक्कर और फलों के रस से बने पंचामृत से अभिषेक हुआ। भगवान को चंदन, वैष्णव तिलक और आभूषण अर्पित कर राजा स्वरूप में श्रृंगारित किया गया। इस दौरान भगवान महाकाल को तुलसी की और भगवान विष्णु को बिल्वपत्र की माला अर्पित की गई। पुजारियों ने आरती की तो महानिर्वाणी अखाड़े की ओर से भगवान महाकाल को भस्म अर्पित की गई।

Next Post

कालीसिंध नदी में पहुंचा मां नर्मदा का जल, आज नगरवासी बनेंगे ऐतिहासिक संगम के साक्षी

Mon Nov 23 , 2026
सोनकच्छ। क्षेत्रवासियों के लिए धार्मिक और आध्यात्मिक दृष्टि से एक विशेष अवसर सामने आया है। कालीसिंध नदी में मां नर्मदा का जल पहुंचने के बाद आज सोनकच्छ के पीपलेश्वर महादेव मंदिर स्थित कालीसिंध घाट पर मां नर्मदा-कालीसिंध संगम महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं और धर्मप्रेमी […]

You May Like