
सोनकच्छ। क्षेत्रवासियों के लिए धार्मिक और आध्यात्मिक दृष्टि से एक विशेष अवसर सामने आया है। कालीसिंध नदी में मां नर्मदा का जल पहुंचने के बाद आज सोनकच्छ के पीपलेश्वर महादेव मंदिर स्थित कालीसिंध घाट पर मां नर्मदा-कालीसिंध संगम महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं और धर्मप्रेमी नागरिकों में विशेष उत्साह है।
मां नर्मदा और कालीसिंध के पावन संगम के आध्यात्मिक एवं धार्मिक महत्व को जन-जन तक पहुंचाने तथा क्षेत्र में धार्मिक चेतना और आस्था का संचार करने के उद्देश्य से विधायक डॉ. राजेश सोनकर के तत्वावधान में यह आयोजन किया जा रहा है। नदी में नर्मदा जल के पहुंचने को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।
महाआरती से भक्तिमय होगा कालीसिंध घाट-
महोत्सव के अंतर्गत मंगलवार शाम 5 बजे से विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसमें मां नर्मदा का विधि-विधान से पूजन-अर्चन एवं अभिषेक किया जाएगा। इसके साथ ही मां गंगा आरती की तर्ज पर महाआरती का आयोजन होगा। कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया जाएगा।
नर्मदा जल का आगमन क्षेत्र के लिए नई उम्मीद-
कालीसिंध नदी में मां नर्मदा का जल पहुंचना क्षेत्र के लिए धार्मिक आस्था के साथ विकास की उम्मीदों से भी जुड़ा हुआ है। नर्मदा-कालीसिंध लिंक परियोजना को लेकर लंबे समय से क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों में उम्मीद बनी हुई है। ऐसे में नदी में नर्मदा जल का आगमन नगरवासियों के लिए विशेष महत्व रखता है। आयोजकों ने श्रद्धालुओं, सामाजिक संगठनों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।
