
जबलपुर। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने शासकीय रानी दुर्गावती चिकित्सालय लेडी एल्गिन अस्पताल का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सुविधाओं और प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मरीजों और उनके परिजनों की सुविधा के लिए अस्पताल परिसर में व्यवस्थाएं बेहतर करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर सिंह ने अस्पताल में पर्ची काउंटर को डिजिटल करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वार्ड में भर्ती मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को निर्देशित किया कि मरीजों को आवश्यक दवाएं और सभी स्वास्थ्य सुविधाएं निर्बाध रूप से मिलती रहें।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर सिंह ने अस्पताल के रसोई घर का भी जायजा लिया। उन्होंने मरीजों को दिए जा रहे भोजन और उसकी गुणवत्ता की जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए। श्री सिंह ने अस्पताल परिसर की नई बिल्डिंग का भी अवलोकन किया और निर्माण कार्यों का निरीक्षण करते हुए शेष कार्यों को समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने अमृत कलश कक्ष की व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया। निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर रविशंकर राय, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवीन कोठारी, एल्गिन अस्पताल की अधीक्षक डॉ. नीता पराशर सहित संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
