
ग्वालियर, ग्वालियर-झांसी नेशनल हाईवे पर रविवार शाम हुए भीषण सड़क हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार को हमेशा के लिए छीन लिया। डबरा के कल्याणी के पास तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दंपती और उनकी दो मासूम बेटियों की मौत हो गई। सोमवार को जब चारों के शव भितरवार पहुंचे तो पूरे कस्बे में मातम छा गया। एक साथ चार अर्थियां उठीं तो हर आंख नम हो गई।
मृतकों की पहचान भितरवार निवासी कमल किशोर विश्वकर्मा (36), उनकी पत्नी सीमा (34), बड़ी बेटी दीक्षा (8) और छोटी बेटी भूमि उर्फ बिट्टी (6) के रूप में हुई है। बताया गया है कि सीमा का ग्वालियर में इलाज चल रहा था। रविवार को कमल किशोर पत्नी और दोनों बेटियों के साथ बाइक से ग्वालियर जा रहे थे। कमल किशोर बाइक चला रहे थे, पीछे सीमा बैठी थीं। सीमा की गोद में छह साल की भूमि थी, जबकि आठ साल की दीक्षा बीच वाली सीट पर बैठी थी।
रविवार शाम करीब छह बजे परिवार डबरा के कल्याणी के पास ग्वालियर-झांसी हाईवे से गुजर रहा था। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक (आरजे 11 जीसी 3316) ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार चारों लोग उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में कमल किशोर और सीमा की मौके पर ही मौत हो गई। बड़ी बेटी दीक्षा ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल छोटी बेटी भूमि को ग्वालियर में भर्ती कराया गया था। वहां सोमवार दोपहर करीब दो बजे उसकी भी मौत हो गई। इस तरह एक ही हादसे में पूरा परिवार खत्म हो गया।
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया था। जांच के बाद आंतरी पुलिस ने ट्रक चालक बंटी शर्मा निवासी ग्राम लदवाया को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक हादसे के समय चालक नशे में था। उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया है।
सोमवार को चारों शव भितरवार पहुंचे तो परिवार और बस्ती में कोहराम मच गया। नाते-रिश्तेदारों और वार्डवासियों की आंखें नम थीं। पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
