इंदौर: देर रात दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक युवक की मौत हो गई जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। पहला हादसा पलासिया थाना क्षेत्र में हुआ, जहां बाइक सवार को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। वहीं दूसरा हादसा खंडवा रोड पर ट्रक की टक्कर से हुआ।पुलिस के अनुसार, मृतक युवक की पहचान 27 वर्षीय धर्मेंद्र पिता मिश्रीलाल निवासी नंदनगर के रूप में हुई है। वह रात करीब 1:10 बजे विनोबा नगर के पास बाइक से घर लौट रहा था, तभी किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी।
परिजन मौके पर पहुंचे और धर्मेंद्र को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए वाहन चालक की तलाश कर रही है। फिलहाल अज्ञात चालक पर केस दर्ज कर लिया गया है। दूसरी ओर, खंडवा रोड पर तेज रफ्तार ट्रक ने लोडिंग वाहन को टक्कर मार दी, जिससे वह पलट गया। हादसे में ड्राइवर नारायण पिता बद्रीलाल गोस्वामी गंभीर रूप से घायल हुआ है। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। दोनों ही मामलों में पुलिस जांच कर रही है।
