
इंदौर. बाणगंगा थाना क्षेत्र में ई-रिक्शा की कार से टक्कर के बाद विवाद इतना बढ़ा कि चालक ने अपने साथियों के साथ मिलकर कार सवारों पर जानलेवा हमला कर दिया. पत्थर और डंडों से की गई मारपीट में दो लोग घायल हुए. पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.
फरियादी ऋषिकेश पिता हिरेन मोदक, निवासी भवानी नगर सांवेर रोड, अपनी कार से टिगरिया बादशाह रेलवे फाटक की ओर जा रहे थे. इसी दौरान ई-रिक्शा नम्बर एमपी-09 एएस 7501 के चालक ने तेज और लापरवाही से वाहन चलाते हुए कार के ड्राइवर साइड में जोरदार टक्कर मार दी. कार रोककर जब ऋषिकेश ने ई-रिक्शा चालक से लापरवाही पर सवाल किया तो आरोपी गाली गलौज पर उतर आया. विरोध करने पर आरोपी ने पत्थर उठाकर ऋषिकेश के सिर पर दे मारा. इसी बीच बीच बचाव करने आए उसके दोस्त सोनू पर भी हमला कर दिया. कुछ ही देर में ई रिक्शा चालक के तीन अन्य साथी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने सोनू पर लकड़ी के डंडों से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया. हमले के दौरान आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए दहशत फैलाते रहे. वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए. घटना की सूचना पर बाणगंगा थाना पुलिस ने मौके का मुआयना किया और घायलों का मेडिकल कराया. पुलिस ने ऋषिकेश की शिकायत पर ई-रिक्शा चालक और उसके तीन साथियों के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है.
