इंदौर: बाणगंगा थाना क्षेत्र के गोविंद नगर खारचा इलाके में रविवार को एक युवक की संदिग्ध हालात में पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। युवक को घायल अवस्था में अस्पताल ले जाया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस अब मारपीट करने वालों की तलाश में जुटी है।पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान 45 वर्षीय निरंतर के रूप में हुई है। रविवार दोपहर उसे अर्पण नामक व्यक्ति एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचा था।
निरंतर के सिर और नाक पर गंभीर चोटें थीं। अर्पण ने बताया कि वह शराब दुकान के पास से गुजर रहा था, तभी उसने देखा कि कुछ लोग निरंतर के साथ मारपीट कर रहे थे। वह घायल अवस्था में पड़ा मिला, जिसे उठाकर अस्पताल लाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद पुलिस को सूचना दी।
देर शाम निरंतर की मौत हो गई। बाणगंगा पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। जिस व्यक्ति ने घायल को अस्पताल पहुंचाया था, उससे पूछताछ की जा रही है। साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि प्राथमिक जांच में मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
