श्रीनगर, (वार्ता) जम्मू-कश्मीर पुलिस ने गंदेरबल जिले में खुद को सरकारी कर्मचारी बताकर पैसे के बदले अमरनाथ गुफा मंदिर तक पहुंच दिलाने का झूठा वादा करके विक्रेताओं और सेवा प्रदाताओं से ठगी करने के मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक गत 25 मई को उन्हें एक विश्वसनीय सूचना मिली थी कि पूंछ के अंद्रूला निवासी मोहम्मद अयूब जारा संदिग्ध डोमेल इलाके में घूम रहा है और वह खुद को श्री अमरनाथ जी यात्रा मार्ग के डोमेल क्षेत्र में तैनात एक सरकारी कर्मचारी बता रहा था। आरोपी कथित तौर पर वहाँ आने वाले विक्रेताओं और सेवा प्रदाताओं को यह दावा करके धोखा दे रहा था कि वह पैसे के बदले उन्हें पवित्र गुफा मंदिर तक पहुंच दिला सकता है। सोनमर्ग पुलिस थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गयी।
उन्होंने बताया कि जांच के दौरान आरोपी को 03 जून की शाम को गिरफ्तार कर लिया गया।
गौरतलब है कि अमरनाथ की पवित्र गुफा मंदिर की वार्षिक तीर्थयात्रा 03 जुलाई को शुरू होगी और 57 दिनों के बाद 28 अगस्त को समाप्त होगी।
