पहले भाई, अब अशोक… करंट ने उजाड़ दिया परिवार, कछाला गांव में हर आंख नम

सिंगोली। सिंगोली तहसील के ग्राम कछाला से एक हृदयविदारक खबर सामने आई है। कांग्रेस के युवा नेता एवं कांग्रेस के कद्यावर नेता रहे पूर्व सरपंच स्वर्गीय प्रभुलाल धाकड़ के पुत्र अशोक कुमार धाकड़ का रविवार 22 नवंबर 2026 की शाम करीब 5:30 बजे बिजली के करंट की चपेट में आने से दुखद निधन हो गया। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है, वहीं ग्राम कछाला सहित आसपास के गांवों में शोक की लहर फैल गई ।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार को अशोक कुमार अपनी पत्नी और मां के साथ खेत पर गए हुए थे। शाम को घर लौटते समय अशोक ने अपनी पत्नी से कहा कि वह पानी की मोटर बंद करके महज 10 मिनट में वापस आ जाएंगे। लेकिन जब काफी देर तक अशोक नहीं लौटे तो पत्नी उन्हें देखने के लिए मोटर के पास पहुंची। वहां का दृश्य देखकर उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। अशोक कुमार बेसुध अवस्था में जमीन पर पड़े हुए थे। पत्नी की आवाज सुनकर आसपास के किसान तत्काल मौके पर पहुंचे और उन्हें लेकर सिंगोली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

रात होने के कारण पोस्टमार्टम की कार्रवाई सोमवार सुबह की गई, जिसके बाद पार्थिव शरीर परिजनों को सौंप दिया गया। सोमवार प्रात: कांग्रेस नेता सत्यनारायण पाटीदार सहित बड़ी संख्या में इष्ट मित्रों शुभचिंतकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पहुंच कर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए कांग्रेस का दुपट्टा ओढ़ाकर श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके निज निवास से अंतिम यात्रा निकाली गई, जो मुक्तिधाम पहुंची, जहां गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार किया गया।

पहले बड़े भाई कालू, अब अशोक… एक ही परिवार पर दूसरी बार टूटा करंट का कहर

इस घटना का सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि अशोक कुमार के परिवार पर बिजली के करंट का कहर दूसरी बार टूटा है। इससे पहले उनके बड़े भाई कालू की भी करंट लगने से मौत हो चुकी है। अब छोटे भाई अशोक कुमार की असमय मौत ने परिवार को पूरी तरह तोडक़र रख दिया है। एक ही परिवार में दूसरी बार इस तरह की दर्दनाक घटना होना हर किसी को झकझोर रहा है।

दो मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया, पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल

अशोक कुमार अपने पीछे पत्नी और दो मासूम बच्चों को छोड़ गए हैं। उनका बड़ा बेटा महज 14 वर्ष का है, जबकि छोटा बच्चा अभी 8 वर्ष का है। जिस उम्र में बच्चों को पिता के सहारे और मार्गदर्शन की सबसे ज्यादा जरूरत होती है, उस उम्र में उनके सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया।

पिता को खोने के गम में दोनों बच्चों की आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। वहीं पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। वह बार-बार बेसुध हो रही है। परिवार की इस पीड़ा और मासूम बच्चों की हालत देखकर मौके पर मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम हो गईं। गांव में जिसने भी यह दृश्य देखा, वह अपने आंसू नहीं रोक पाया।

अशोक कुमार के असामयिक निधन से ग्राम कछाला सहित आसपास के क्षेत्र में शोक व्याप्त है। युवा उम्र में उनका इस तरह दुनिया से चले जाना परिवार, मित्रों और क्षेत्रवासियों के लिए अपूरणीय क्षति है।

Next Post

नर्मदा पंचकोशी यात्रा में श्रद्धालुओं की सेवा में आगे आया ओंकारेश्वर पावर स्टेशन

Mon Nov 23 , 2026
ओंकारेश्वर, नर्मदा पंचकोशी यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं की सुविधा, स्वास्थ्य सुरक्षा एवं सेवा भावना को ध्यान में रखते हुए ओंकारेश्वर पावर स्टेशन, एनएचडीसी लिमिटेड द्वारा सराहनीय सेवा कार्य किया गया। पावर स्टेशन की ओर से यात्रियों के लिए निःशुल्क चिकित्सा परामर्श एवं दवाई वितरण के साथ-साथ भोजन की व्यवस्था की […]

You May Like