सीधी : पुराना बस स्टैण्ड बचाओ आंदोलन में पूर्व विधायक केदारनाथ शुक्ल ने हुंकार भरते हुये कहा कि सोनांचल बस स्टैण्ड की रक्षा हम जी-जान से करेंगे।
सोनांचल बस स्टैण्ड में अपरान्ह आयोजित सभा को संबोधित करते हुये पूर्व विधायक केदारनाथ शुक्ल ने कहा कि प्रशासन द्वारा सोनांचल बस स्टैण्ड को गिराने का निर्णय पूरी तरह से गलत लिया गया है। सीधी जिले के सभी समीपी जिलों पर नजर दौड़ाई जाय तो वहां के पुराने बस स्टैण्ड अपनी जगह में ही दशकों से संचालित हो रहे हैं। यदि आवश्यकतानुसार बस स्टैण्ड की संख्या बढ़ानी है तो अलग जगह में संचालित किये जा रहे हैं।
विडम्बना यह है कि सीधी के दशकों पुराने बस स्टैण्ड की पहचान को खत्म करने का प्रयास किया जा रहा है। इसके पीछे तर्क दिया जा रहा है कि भव्य मॉल का निर्माण बाजार क्षेत्र में किया जायेगा। जबकि मॉल का निर्माण किसी अन्य स्थान में किया जा सकता है। मॉल बनाने के लिये शहर की पहचान बस चुके सोनांचल बस स्टैण्ड का विध्वंशक कार्यवाही करना पूरी तरह से अनुचित है।
श्री शुक्ल ने कहा कि सोनांचल बस स्टैण्ड से सैकड़ों छोटे व्यापारियों की आजीविका जुड़ी हुई है उससे उनके परिवार का भरण-पोषण हो रहा था। सभी बस स्टैण्ड से लगे अन्य व्यवसाइयों का जीविकोपार्जन भी अच्छे से हो रहा था। बस स्टैण्ड को मनमानी तौर पर बंद कर देने से सैकड़ों छोटे व्यापारी प्रभावित हुये हैं। श्री शुक्ल ने कहा कि छोटे व्यापारियों के भरण पोषण के प्रभावित होने की समस्या को सुनील चौधरी ने गंभीरता से लिया और पहल शुरू की जिसके लिये वे बधाई के पात्र हैं।
100 वर्ष की अवधि वाली बिल्डिंग 35 वर्ष में गिराना विध्वंशक कार्यवाही
पूर्व विधायक केदारनाथ शुक्ल ने सभा को संबोधित करते हुये कहा कि सोनांचल बस स्टैण्ड के भवन का उद्घाटन 16 सितम्बर 1991 को हुआ था। उक्त भवन की गुणवत्ता इतनी बेहतर है कि यह 100 वर्ष की अवधि वाली मानी जाती है। ऐसे में 100 वर्ष की अवधि वाले बिल्डिंग को 35 वर्ष में ही गिराना महज विध्वंशक कार्यवाही होगी।
11 लोगों की बनेगी संघर्ष समिति
सोनांचल बस स्टैण्ड से सम्बद्ध सैकड़ों छोटे व्यापारियों को पूर्व विधायक केदारनाथ शुक्ल ने संबोधित करते हुये कहा कि सोनांचल बस स्टैण्ड को बचाने के लिये 11 लोगों की संघर्ष समिति बनेगी। संघर्ष समिति गठित करने की जिम्मेदारी संजय सोनी समेत सक्रिय लोगों को सौंपी गई है। सभी लोगों से बात करके इन लोगों द्वारा सर्व सम्मति से 11 लोगों की कमेटी गठित की जायेगी। रविवार तक कमेटी गठन की जिम्मेदारी दी गई है जिससे सोमवार को ज्ञापन सौंपा जा सके।
बस स्टैण्ड को बचाने सभी दलों का स्वागत
सोनांचल बस स्टैण्ड को बचाने के लिये आगे आने वाले सभी दलों का स्वागत है। चाहे भाजपा, कांग्रेस, बसपा या अन्य दलों के लोग आयें। सभी स्वागत इस मुहिम में रहेगा। पूर्व विधायक केदारनाथ शुक्ल ने आगे कहा कि सोनांचल बस स्टैण्ड सीधी की पहचान से जुड़ा हुआ है। इसको इस तरह से मिटने नहीं दिया जायेगा। लोगों को इस कार्य में ज्यादा से ज्यादा संख्या में आगे आना चाहिये और अपना भरपूर सहयोग देना चाहिये।
