सिंगरौली: सीधी-सिंगरौली सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने रेल भवन में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर क्षेत्र की रेल सुविधाओं से जुड़ी महत्वपूर्ण मांगों पर चर्चा की। इस दौरान चुरहट से मेमो ट्रेन संचालित करने और सिंगरौली-निजामुद्दीन एक्सप्रेस का नियमित संचालन सुनिश्चित करने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। सांसद के अनुसार, रेल मंत्री ने दोनों मांगों पर सैद्धांतिक सहमति प्रदान की है।
सांसद डॉ. मिश्रा ने बताया कि तकनीकी कारणों के चलते सिंगरौली-निजामुद्दीन एक्सप्रेस अब शीघ्र ही चोपन से निजामुद्दीन तक नियमित रूप से संचालित होगी। वहीं, चुरहट से मेमो ट्रेन चलाने की दिशा में भी जल्द पहल होने की उम्मीद है। उन्होंने चुरहट से सतना रेल सेवा प्रारंभ होने के अवसर पर रेल मंत्री से उपस्थित रहने का आग्रह भी किया।
पांच वर्षों से उठ रही मांग
गौरतलब है कि सिंगरौली-निजामुद्दीन एक्सप्रेस के नियमित संचालन को लेकर पिछले पांच वर्षों से क्षेत्र के लोग मांग उठाते रहे हैं। नियमित रेल सेवा से यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है। सांसद ने इस पहल के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार जताया। हालांकि, दोनों रेल सेवाओं के संचालन की अंतिम तिथि अभी घोषित नहीं हुई है।
