
इंदौर. बाणगंगा थाना क्षेत्र में ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी पर बदमाशों ने हमला कर दहशत फैला दी. आरोपियों ने न सिर्फ मारपीट की, बल्कि वायरलेस सेट तोड़कर सरकारी कार्य में भी बाधा डाली और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए.
थाना प्रभारी सियाराम गुर्जर ने बताया कि 34 वर्षीय फरियादी प्रकाश पंवार निवासी अलवासा नरवल पेट्रोल पंप के पास स्थित पावर हाउस पर ड्यूटी कर रहा था. इसी दौरान बिना नंबर की एफजेड गाड़ी से एक युवक आया और वहां ड्यूटी करने वालों के बारे में पूछताछ करने लगा. संदेह होने पर जब उसे रोका गया तो वह जबरन अंदर घुसने का प्रयास करने लगा. इसी बीच फरियादी वायरलेस सेट से अपने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दे रहा था, तभी आरोपी ने वायरलेस छीनकर फेंक दिया और गाली-गलौज करने लगा. इसके बाद पत्थर मारकर उसके सिर में चोट पहुंचाई. कुछ ही देर में आरोपी अपने अन्य साथियों के साथ वापस लौटा और सभी ने मिलकर कर्मचारी के साथ मारपीट की. सूचना मिलते ही अन्य स्टाफ मौके पर पहुंचा तो आरोपी बिना नंबर की एफजेड बाइक मौके पर छोड़कर भाग निकले. जाते जाते जान से खत्म करने की धमकी भी दी. पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है.
