दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करे : श्री नारायन

छिंदवाड़ा. जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू करने के लेकर जिला सड़क सुरक्षा समिति की मासिक समीक्षा बैठक में वर्तमान एजेंडा बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। कलेक्टर हरेन्द्र नारायन ने संबंधित विभागों को सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ समय-सीमा में पूर्ण करने तथा दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में जिले से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 547 एवं 347 के राइट ऑफ वे में स्थित अनाधिकृत ढाबों, कैटरिंग स्थलों एवं अन्य अतिक्रमणों को चिन्हित कर सूचीबद्ध करने तथा नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि लंबे समय से स्थायी स्वरूप ले चुके अतिक्रमणों को प्राथमिकता से हटाया जाए। ऐसे अतिक्रमण, दुकानें एवं अन्य संरचनाएं, जिनसे सड़क पर दृश्यता बाधित होती है और ब्लाइंड स्पॉट बनते हैं, उन्हें पहले हटाने की कार्रवाई की जाए, ताकि दुर्घटनाओं की आशंका को कम किया जा सके। उन्होंने संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्रवाई कर सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर धीरेन्द्र सिंह, नगर निगम आयुक्त सी.पी. राय, अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी अनुराग शुक्ला सहित एनएचएआई, एमपीआरडीसी, लोक निर्माण विभाग, नगर निगम, यातायात पुलिस, स्वास्थ्य, विद्युत विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

ऑटो स्टैंडों को अतिक्रमण मुक्त करने के निर्देश ००००

शहर में चिन्हित ऑटो स्टैंडों को अतिक्रमण मुक्त करने के संबंध में कलेक्टर ने अतिक्रमण अधिकारी को यातायात पुलिस के साथ समन्वय बनाकर लगातार कार्रवाई करने के निर्देश दिए, ताकि यातायात का सुचारू संचालन सुनिश्चित हो सके। इसके साथ ही दूसरे राज्यों में पंजीकृत वाहनों की अधिक से अधिक जांच करने तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी को दिए गए।

तामिया मार्ग पर सड़क चिह्नों को दुरुस्त करने के निर्देश ०००००

छिंदवाड़ा-तामिया मार्ग पर सड़क की मिडिल लाइन एवं साइड लाइन की स्थिति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री नारायन ने कहा कि कई स्थानों पर सड़क की मिडिल लाइन लगभग मिट चुकी है, जिससे विशेषकर मोड़ों एवं संवेदनशील स्थानों पर दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ सकती है। उन्होंने एमपीआरडीसी के अधिकारियों को ऐसे सभी स्थानों को चिन्हित कर वहां तत्काल मिडिल लाइन एवं साइड लाइन बनवाने के निर्देश दिए, ताकि वाहन चालकों को सड़क की स्पष्ट जानकारी मिल सके और आवागमन सुरक्षित हो।

एक सप्ताह में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश ००००

बैठक में वर्तमान एजेंडा बिंदुओं पर चर्चा के दौरान कलेक्टर ने दमुआ से परासिया के बीच एमपीआरडीसी के अधिकारियों को सड़क का सर्वे करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सर्वे के दौरान उन स्थानों को चिन्हित किया जाए, जहां सड़क सुरक्षा की दृष्टि से स्पीड ब्रेकर, रंबल स्ट्रिप्स एवं कैट-आई जैसे उपायों की आवश्यकता है। संबंधित अधिकारियों को इन स्थानों का आकलन कर आवश्यक सुरक्षा उपायों के संबंध में विस्तृत रिपोर्ट एक सप्ताह के भीतर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए, ताकि आवश्यकता के अनुसार समयबद्ध कार्रवाई की जा सके।

ई.एल.सी. चौराहे की यातायात व्यवस्था में सुधार के निर्देश ०००

बैठक में शहर के ई.एल.सी. चौराहे पर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के संबंध में भी चर्चा की गई। नगर निगम के इंजीनियर द्वारा चौराहे की संरचना में संभावित बदलावों के संबंध में तैयार किए गए चित्रों एवं प्रस्तावों का प्रस्तुतीकरण किया गया। कलेक्टर श्री नारायन ने प्रस्तावित बदलावों की समीक्षा करते हुए चौराहे की संरचना में और बेहतर सुधार करने के निर्देश दिए, ताकि वाहनों की आवाजाही सुगम हो, अनावश्यक जाम की स्थिति न बने और दुर्घटनाओं की आशंका कम की जा सके।

Next Post

चाकू की नोक पर महिला से लूट करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार

Wed Oct 28 , 2026
छिंदवाड़ा। शहर में महिला को चाकू की नोक पर धमकाकर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले चार आरोपियों को कुण्डीपुरा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने महिला का पीछा कर उसे रास्ते में रोका और चाकू दिखाकर पर्स छीन लिया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात […]

You May Like