नयी दिल्ली, 13 मई (वार्ता) केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के वांछित भगोड़े प्रभदीप सिंह को अजरबैजान से वापस भारत ले आयी है।
प्रभदीप एनडीपीएस की विभिन्न धाराओं के तहत स्पेशल सेल पुलिस थाने में दर्ज मामले में वांछित था।
सीबीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सीबीआई ने विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय और दिल्ली पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर अजरबैजान से रेड नोटिस के माध्यम से प्रभदीप के प्रत्यर्पण को सफलतापूर्वक सुनिश्चित किया है। संबंधित मामले में भारी मात्रा में नशीले पदार्थ बरामद किए गए थे और कई सह-आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। प्रभदीप कथित तौर पर इन नशीले पदार्थों के गिरोह का मुख्य आयोजक था।
उन्होंने बताया कि दिल्ली पुलिस के अनुरोध पर सीबीआई ने इंटरपोल के माध्यम से आरोपी के खिलाफ रेड नोटिस जारी किया था। आरोपी की भौगोलिक स्थिति का पता चलने और अजरबैजान अधिकारियों द्वारा उसे गिरफ्तार किए जाने के बाद उन्हें प्रत्यर्पण का अनुरोध भेजा गया था। उचित कानूनी प्रक्रियाओं के बाद आरोपी को सफलतापूर्वक भारत प्रत्यर्पित कर दिया गया।
सीबीआई ने बताया कि दिल्ली पुलिस की तीन सदस्यीय टीम प्रभदीप को वापस लाने के लिए अजरबैजान गई थी। यह टीम आरोपी के साथ बुधवार को दिल्ली पहुंची।
उल्लेखनीय है कि सीबीआई पिछले कुछ वर्षों में 160 से अधिक वांछित अपराधियों को भारत वापस ला चुकी है।
