भारत को अंतरिक्ष संप्रभुता के लिए मिशन मोड में काम करने की जरूरत: प्रशांत नायर

नयी दिल्ली, 23 नवंबर (वार्ता) देश के पहले मानव अंतरिक्ष मिशन गगनयान के लिए चयनित अंतरिक्ष यात्री एयर कोमोडोर प्रशांत बी. नायर ने सोमवार को कहा कि भारत को अंतरिक्ष संप्रभुता के लिए मिशन मोड में काम करने की जरूरत है।

श्री नायर ने यहां ”इंडिया इंटरनेशनल स्पेस कॉन्क्लेव 2026” के पांचवें संस्करण के पहले दिन कहा कि नागरिक और सैन्य क्षेत्रों का एकीकरण ही भविष्य है। यदि कोई एक देश है जो इस दिशा में सोच सकता है, तो वह भारत है।

उन्होंने कहा, ” जब मैं नागरिक-सैन्य एकीकरण की बात करता हूं, तो मेरा मतलब समाज के इन दो पहलुओं को एक साथ लाना है, क्योंकि अंतरिक्ष संप्रभुता का भविष्य इस बात पर निर्भर करेगा कि हम कितनी अच्छी तरह मिलकर काम कर सकते हैं। भारत को ‘मिशन मोड’ में काम करने की जरूरत है, और आज ‘मिशन मोड’ में आप जिस चीज की उम्मीद कर सकते हैं, वह है ‘अंतरिक्ष संप्रभुता’।”

श्री नायर ने स्पष्ट किया कि अंतरिक्ष संप्रभुता में ‘एआई संप्रभुता’ भी शामिल हो जाती है, क्योंकि भारत को रणनीतिक स्वायत्तता और भरोसे की जरूरत है। उन्होंने देश के कॉर्पोरेट जगत, सभी स्टार्टअप, इसरो समेत अंतरिक्ष क्षेत्र से जुड़े सभी संगठनों, भारतीय वायु सेना और पूरी सरकार के मिलकर काम करने की जरूरत पर बल दिया।

इस सम्मेलन का आयोजन इंडियन स्पेस एसोसिएशन (आईएसपीए) ने भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) और उसकी वाणिज्यिक इकाई इन-स्पेस के सहयोग से किया है। इसमें नौ देशों के नीति-निर्माता, अंतरिक्ष एजेंसियां, उद्योग जगत के दिग्गज, निवेशक, शोधकर्ता और राजनयिक प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं। दो दिन तक चलने वाले इस आयोजन में कुल 12 सत्र होंगे।

अपने उद्घाटन संबोधन में भारत में फ्रांस के राजदूत थिएरी माथू ने कहा, “भारत के साथ हमारा असाधारण और लंबे समय से चला आ रहा अंतरिक्ष सहयोग वास्तव में छह दशकों के सहयोग का परिणाम है। हम दोनों ‘रणनीतिक स्वायत्तता’ की अवधारणा को साझा करते हैं। रणनीतिक स्वायत्तता का मतलब यह नहीं है कि आप खुद को अपने साझेदारों से अलग कर लें; बल्कि इसका अर्थ यह है कि आप अपनी क्षमताओं, अपने विश्लेषण और अपनी निर्णय लेने की प्रक्रिया को इतना विकसित करें कि आप एक उपयोगी और भरोसेमंद साझेदार बन सकें।”

इसरो के पूर्व अध्यक्ष और अंतरिक्ष आयोग के सदस्य ए.एस. किरण कुमार ने कहा कि अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में घरेलू क्षमताओं का विस्तार तभी संभव है जब अधिक से अधिक लोग इस व्यवसाय से जुड़ें। कई युवा उद्यमी पहले से ही अंतरिक्ष प्रणालियों के संचालन से जुड़ी पारंपरिक अवधारणाओं को चुनौती दे रहे हैं। दुनिया तेजी से बदल रही है, और एक क्षेत्र में होने वाले बदलाव दूसरे क्षेत्रों की कार्यप्रणाली को भी काफी हद तक बदल सकते हैं।

उन्होंने कहा कि आज क्वांटम तकनीक, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और सुपरइंटेलिजेंस के कारण जिस तरह से चीजें बदल रही हैं, उसे देखते हुए यह देखना दिलचस्प होगा कि विभिन्न देशों द्वारा की जाने वाली गतिविधियों पर इसका क्या असर पड़ता है। भारत केवल अपना प्रभुत्व जमाने की बजाय अपने साझेदारों के साथ मिलकर काम करने और उन्हें उनके लक्ष्यों को हासिल करने में सक्षम बनाने के लिए तैयार है। आईएसपीए के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) ए.के. भट्ट ने कहा, “हमारे पास तकनीक और प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। कोई भारतीय स्टार्टअप वैश्विक स्तर पर सफल होगा या नहीं, यह इस बात पर निर्भर करता है कि उसे किस तरह की पूंजी मिलती है। हमें निवेशक चाहिए जो धैर्यवान हो, समझदारी से निवेश करे और यह समझता हो कि इस क्षेत्र में परिणाम मिलने में लंबा समय लगता है और जोखिम भी अधिक होता है। अगले एक दशक में 44 अरब डॉलर की अंतरिक्ष अर्थव्यवस्था बनाने का राष्ट्रीय लक्ष्य केवल सरकारी अनुदान के भरोसे पूरा नहीं हो सकता।”

 

 

Next Post

मिलावट, अवैध शराब और अतिक्रमण के विरुद्ध लगातार कार्रवाई करें अधिकारी : कलेक्टर

Mon Nov 23 , 2026
मंदसौर। जिले में खाद्य पदार्थों में मिलावट, अवैध शराब और शासकीय भूमि पर अतिक्रमण के विरुद्ध अधिकारी लगातार अभियान चलाकर कार्रवाई करें। नकली दूध के मामलों में विशेष रूप से सख्ती बरती जाए। यह निर्देश कलेक्टर दिव्यांक सिंह ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक […]

You May Like