
मंदसौर। जिले में खाद्य पदार्थों में मिलावट, अवैध शराब और शासकीय भूमि पर अतिक्रमण के विरुद्ध अधिकारी लगातार अभियान चलाकर कार्रवाई करें। नकली दूध के मामलों में विशेष रूप से सख्ती बरती जाए। यह निर्देश कलेक्टर दिव्यांक सिंह ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक में दिए। बैठक में अपर कलेक्टर एकता जायसवाल सहित जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए राजस्व, पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा नगरीय निकायों को शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। नगरीय निकायों में एल-3 स्तर पर लंबित शिकायतों के निराकरण के लिए संयुक्त संचालक उज्जैन को पत्र लिखने के निर्देश दिए। सीतामऊ तहसील में 330 शिकायतें लंबित होने तथा एल-4 स्तर पर 116 शिकायतें होने पर तहसीलदार को प्राथमिकता से निराकरण करने को कहा। स्वामित्व अभियान में रजिस्ट्री कार्य की धीमी प्रगति पर सीतामऊ एसडीएम एवं तहसीलदार को कार्ययोजना बनाकर काम करने तथा मल्हारगढ़ तहसीलदार को भी शिकायतों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान की समीक्षा में कलेक्टर ने अब तक आयोजित 15 शिविरों के बाद अधिकारियों से परिणाममूलक कार्य करने और बेहतर आउटपुट देने को कहा। राजस्व सेतु अभियान में समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं ‘उपज से उद्यम’ अभियान को व्यापक स्तर पर ले जाने के लिए अब तक की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।
जल उपलब्धता की समीक्षा में मंदसौर नगर पालिका को पानी का अपव्यय करने वालों पर स्पॉट फाइन लगाने तथा अगली बैठक में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। नगरीय निकायों में स्वच्छता के आदर्श वार्ड विकसित करने के कार्य में भी तेजी लाने को कहा।
बैठक में जर्जर शासकीय भवनों को ध्वस्त करने की कार्रवाई की समीक्षा करते हुए पूर्व एवं बाद के फोटो सहित रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। महिला एवं बाल विकास विभाग के बाल भिक्षावृत्ति मुक्त शहर अभियान तथा स्वास्थ्य विभाग के 108 वाहनों को अपडेट करने की प्रगति भी जानी। बैठक में अनुपस्थित रहने पर उपसंचालक पशु चिकित्सा सेवाएं और विभागीय कार्यों में देरी पर जिला शिक्षा अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
