ढाका, 23 नवंबर (वार्ता) बंगलादेश के रेडीमेड गारमेंट (आरएमजी) क्षेत्र में न्यूनतम वेतन को लेकर गतिरोध सोमवार को भी जारी रहा।
न्यूनतम वेतन बोर्ड की तीसरी बैठक में कारखाने मालिकों और श्रमिक प्रतिनिधियों के एक-दूसरे के शुरुआती प्रस्तावों को खारिज किये जाने के बाद कोई सहमति नहीं बन सकी, जिसके चलते बोर्ड ने दोनों पक्षों से नये सिरे से संशोधित प्रस्ताव सौंपने को कहा है।
बैठक के बाद सेगुनबागीचा स्थित बोर्ड कार्यालय में संवाददाता सम्मेलन में बोर्ड के अध्यक्ष, जिला एवं सत्र न्यायाधीश सैयद आजाद सुब्हानी ने बताया कि संशोधित प्रस्तावों पर विचार करने के बाद ही बोर्ड अपनी सिफारिश तैयार करेगा,हालांकि बोर्ड के सदस्यों ने मालिकों की ओर से पेश की गयी राशि का खुलासा नहीं किया, लेकिन श्रमिक प्रतिनिधि तथा बंगलादेश गारमेंट्स एंड इंडस्ट्रियल वर्कर्स फेडरेशन के महासचिव बाबुल अख्तर ने मालिकों के शुरुआती प्रस्ताव को बेहद कम और अस्वीकार्य बताया।
इससे पहले दूसरी बैठक में श्री बाबुल ने 32,000 टका मासिक न्यूनतम वेतन का प्रस्ताव रखा था, जबकि श्रमिक संगठन कम से कम 30,000 टका की मांग कर रहे हैं।
गौरतलब है कि गारमेंट श्रमिकों का वर्तमान न्यूनतम मासिक वेतन 12,500 टका है, जिसकी घोषणा नवंबर 2023 में की गई थी और जो दिसंबर 2023 से लागू हुआ था, जबकि इससे पहले 2018 में यह 8,000 टका तय किया गया था।
भोजन, मकान किराये और स्वास्थ्य देखभाल की बढ़ती महंगाई को लेकर मीरपुर, गाजीपुर, सावर और आशुलिया जैसे प्रमुख परिधान उत्पादक क्षेत्रों में हफ्तों से चल रहे श्रमिक विरोध-प्रदर्शनों, सड़क जाम, झड़पों और कारखाना बंदी के बीच ये वार्ताएं हो रही हैं।
‘सम्मिलितो गारमेंट श्रमिक फेडरेशन’ सहित कई श्रमिक संगठनों के कार्यकर्ताओं ने आज भी बोर्ड कार्यालय के बाहर मानव शृंखला बनाकर 30,000 टका न्यूनतम वेतन की मांग दोहरायी, जबकि श्री बाबुल अख्तर ने श्रमिकों से वार्ता जारी रहने तक काम पर लौटने और उत्पादन बनाये रखने की अपील की।
अध्यक्ष सैयद आजाद सुब्हानी ने कहा कि बोर्ड मालिकों की भुगतान क्षमता, लघु एवं मध्यम उद्यमों की स्थिति, मुद्रास्फीति, बाजार कीमतों, निर्यात प्रतिस्पर्धात्मकता और श्रमिकों की मांगों का आकलन कर रहा है और उम्मीद है कि एक या दो और बैठकों में सिफारिश को अंतिम रूप दे दिया जायेगा। एक नवंबर को गठित छह सदस्यीय इस बोर्ड का वैधानिक कार्यकाल 30 अप्रैल तक है तथा सिफारिश के राजपत्र में प्रकाशित होने के बाद कानूनन 14 दिनों तक राय या आपत्तियां दर्ज करायी जा सकती हैं।
बोर्ड में ढाका विश्वविद्यालय के लोक प्रशासन के प्रोफेसर डॉ. मोसलेह उद्दीन अहमद तटस्थ सदस्य के रूप में शामिल हैं, जबकि मालिकों का प्रतिनिधित्व बंगलादेश एम्प्लॉयर्स फेडरेशन के संयुक्त महासचिव आसिफ अयूब और बीजीएमईए निदेशक एबीएम शमसुद्दीन तथा श्रमिकों का प्रतिनिधित्व बंगलादेश जातीयतावादी श्रमिक दल के अध्यक्ष अनवर हुसैन और बाबुल अख्तर कर रहे हैं।
