यरुशलम, 23 नवंबर (वार्ता) इजरायल की ‘बयाचड’ पार्टी के अध्यक्ष नफ्ताली बेनेट ने सोमवार को अरब या अति-रूढ़िवादी दलों पर निर्भर गठबंधन के बजाय लिकुड पार्टी के साथ एकता सरकार बनाने को अपनी पहली पसंद बताया, जिसमें ‘यशार’ पार्टी के अध्यक्ष गादी आइजनकोट पहले प्रधानमंत्री के रूप में कार्य करें।संसद (नेसेट) में सैनिकों के एक समूह को संबोधित करते हुए श्री बेनेट ने कहा कि वर्तमान में सरकार गठन के तीन संभावित विकल्प हैं। पहला अरब दलों पर निर्भर सरकार, दूसरा अति-रूढ़िवादी दलों पर निर्भर सरकार, और तीसरा श्री आइजनकोट के नेतृत्व वाले गुट और लिकुड के बीच बारी-बारी से (रोटेशन) प्रधानमंत्री पद वाली एकता सरकार, जिसमें पहले श्री आइजनकोट प्रधानमंत्री बनें।
उन्होंने तीसरे विकल्प को प्राथमिकता देने की बात तो कही, हालांकि यह स्पष्ट नहीं किया कि दूसरे कार्यकाल में प्रधानमंत्री कौन होगा। उन्होंने कहा कि देश को एक ऐसी सरकार की आवश्यकता है, जिसके सभी प्रमुख नेता इजरायली रक्षा बलों (आईडीएफ) की सेवा का समर्थन करते हों और जिनके अपने बच्चे सेना में सेवा दे रहे हों।
गौरतलब है कि श्री बेनेट ने पिछले सप्ताह श्री बेंजामिन नेतन्याहू के साथ दो घंटे की बैठक की थी, हालांकि बाद में उन्होंने श्री नेतन्याहू के नेतृत्व वाली किसी भी सरकार में शामिल होने से इनकार कर दिया था।
दूसरी ओर, ‘यशार’ पार्टी के अध्यक्ष गादी आइजनकोट ने अपनी पार्टी की बैठक में कहा कि उन्हें वर्तमान में ईरान की ओर से ऐसा कोई तत्काल खतरा नजर नहीं आता, जिसके लिए नई सरकार के गठन से पहले सैन्य कार्रवाई की आवश्यकता हो। उन्होंने तर्क दिया कि इजरायल को ईरान के पास मौजूद 440 किलोग्राम संवर्धित यूरेनियम पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए, जिसे अभी तक नष्ट या हटाया नहीं गया है और जो सबसे गंभीर खतरा है।
गठबंधन वार्ता पर श्री आइजनकोट ने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी किसी राजनीतिक समझौते के बजाय ‘वास्तविक एकता’ के लिए काम करेगी, लेकिन सात अक्टूबर 2023 के हमास हमले की जांच के लिए राजकीय जांच आयोग के गठन, सार्वभौमिक सैन्य सेवा, सुरक्षा स्थिति में बदलाव और लोकतंत्र की रक्षा के मुद्दों पर कोई समझौता नहीं करेगी।
