लोवी सूचकांक रैंकिंग: भारत ने चीन के साथ शक्ति का अंतर कम किया, एशिया नेतृत्व में मोदी दूसरे स्थान पर पहुंचे

नयी दिल्ली, 23 नवंबर (वार्ता) भारत एशिया की उभरती शक्तियों में से एक के रूप में अपनी स्थिति मजबूत कर रहा है और वर्ष 2018 में क्षेत्रीय शक्ति गतिशीलता पर नजर रखने की शुरुआत के बाद से चीन के साथ अपने अंतर को सबसे निचले स्तर पर ले आया है, जबकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एशिया की नेतृत्व रैंकिंग में उछाल के साथ दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। लोवी इंस्टीट्यूट के 2026 एशिया पावर इंडेक्स के अनुसार, एशिया की शीर्ष 10 शक्तियों में भारत ने समग्र स्कोर में सबसे बड़ा सुधार दर्ज किया है। भारत का स्कोर 0.5 अंक बढ़कर 40.5 हो गया है, जबकि चीन का स्कोर मामूली रूप से 0.1 अंक गिरकर 73.6 पर आ गया। भारत इस समूह का एकमात्र ऐसा देश है, जिसे ‘ऊपर की ओर रुझान’ का संकेतक मिला है।

भारत ने लगातार तीसरे वर्ष क्षेत्रीय शक्ति रैंकिंग में अपना तीसरा स्थान बरकरार रखा है और जापान, रूस तथा ऑस्ट्रेलिया से आगे अपनी स्थिति सुदृढ़ की है। संस्थान की ‘प्रमुख शक्ति’ (मेजर पावर) श्रेणी में अमेरिका और चीन के नीचे भारत एकमात्र देश बना हुआ है। नेतृत्व रैंकिंग में श्री मोदी वर्ष 2025 के पांचवें स्थान से तीन पायदान ऊपर चढ़कर चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बाद दूसरे स्थान पर आ गए हैं। लोवी इंस्टीट्यूट के विशेषज्ञ आकलन में पूरे एशिया में भारत के राजनयिक हितों को आगे बढ़ाने में श्री मोदी की प्रभावशीलता को उच्च रेटिंग दी गई है। यह क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मामलों में नयी दिल्ली की बढ़ती प्रमुख भूमिका को दर्शाता है।

यह निष्कर्ष 2018 में सूचकांक की शुरुआत के बाद से भारत की स्थिति में एक महत्वपूर्ण बदलाव को दर्शाता है। उस साल भारत चौथे स्थान पर था और वह 2023 तक चौथे स्थान पर रहा, जिसके बाद 2024 में उसने जापान को पीछे छोड़ दिया और 2025 में 40 अंकों की सीमा पार कर ‘मेजर पावर’ का दर्जा दोबारा हासिल किया। 2026 का यह सूचकांक 131 संकेतकों के आधार पर 27 देशों और क्षेत्रों का आकलन करता है, जिसमें आर्थिक एवं सैन्य क्षमताएं, राजनयिक प्रभाव, रक्षा साझेदारी और सांस्कृतिक पहुंच शामिल हैं।

रिपोर्ट के अनुसार, वैश्विक निवेश प्रवाह के मामले में भारत चीन को पछाड़ते हुए अमेरिका के बाद दूसरे स्थान पर रहा। निवेश आकर्षण के मामले में भी उसने चीन, ऑस्ट्रेलिया, इंडोनेशिया और वियतनाम से आगे रहते हुए दूसरा स्थान हासिल किया है। यह निवेश आकलन एक दशक के आवक विदेशी पूंजी प्रवाह पर आधारित है। इसके अतिरिक्त, सशस्त्र बल संकेतक में भारत ने पूर्ण 100 अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया है, जबकि चीन 85.3 अंकों के साथ दूसरे और अमेरिका 64.8 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा। इस आकलन में सक्रिय सैन्य और अर्धसैनिक बलों के आकार, प्रशिक्षण, तत्परता और संगठनात्मक प्रभावशीलता पर विचार किया जाता है।

राजनयिक मंचों की सदस्यता में भारत दो स्थान ऊपर चढ़कर इंडोनेशिया और थाईलैंड के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। भारत लोवी द्वारा ट्रैक किए गए 17 शिखर सम्मेलनों, राजनयिक क्लबों और क्षेत्रीय अंतर-सरकारी संगठनों में भाग लेता है, जो चीन से केवल एक कम है। भारत 68.3अंकों के साथ आर्थिक लचीलेपन में तीसरे स्थान पर रहा, जबकि चीन 75.3 और अमेरिका 73.5 अंकों के साथ क्रमशः पहले और दूसरे स्थान पर रहे। यह संकेतक दूसरे देशों से आर्थिक दबाव झेलने की क्षमता को मापता है, जिसमें निर्यात विविधीकरण और सबसे बड़े व्यापारिक साझेदार पर निर्भरता शामिल है।देश ने 2050 तक जनसांख्यिकीय संसाधन मूल्यांकन में भी शीर्ष स्थान हासिल किया, 100 अंकों के साथ, यहपूर्ण अंक हासिल करने वाला अकेला देश है। चीन ने 39.6 और अमेरिका ने 33.2 अंक प्राप्त किए। यह माप कामकाजी उम्र की आबादी के आकार, अनुमानित वृद्धि और 2030 के बाद आर्थिक वृद्धि को बनाए रखने की उसकी क्षमता का मूल्यांकन करता है, नए मूल्यांकन से पता चलता है कि भारत की बढ़त न केवल उसकी आर्थिक और सैन्य क्षमताओं में, बल्कि उसकी कूटनीतिक स्थिति, निवेश आकर्षण और क्षेत्रीय शक्ति संतुलन को आकार देने की क्षमता में भी तेजी से दिख रही है।

.....

Next Post

श्रम विभाग मिनिस्टीरियल एम्प्लॉइज एसोसिएशन के चुनाव में प्रत्यूष पाण्डेय अध्यक्ष और अभिषेक कटियार महामंत्री निर्वाचित

Mon Nov 23 , 2026
कानपुर। श्रम विभाग मिनिस्टीरियल एम्प्लॉइज एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के वर्ष 2026 के चुनाव में प्रत्यूष पाण्डेय ने अध्यक्ष और अभिषेक कटियार ने महामंत्री पद पर जीत दर्ज की। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का सम्मान किया गया। इस अवसर पर उप श्रमायुक्त अंजू वर्मा एवं उप श्रमायुक्त […]

You May Like