
रीवा, चाकघाट नगर के मुख्य बाजार पुराने चौराहे से रामलीला भवन के बीच स्थित गोलू फर्नीचर की दुकान में दोपहर को आग लग गयी. आग की तेज लपट ने पूरे दुकान एवं मकान मे रखी सम्पूर्ण सामग्री को पूरी तरह जलकर राख कर दिया. आग लगने की सूचना के पश्चात बचाव एवं सुरक्षा के सारे इंतजाम नाकारे सिद्ध हुए.
चाकघाट नगर परिषद की फायर ब्रिगेड मौके पर नहीं पहुंच पाई. बताया गया कि फायर ब्रिगेड खराब है. त्योंथर से फायर ब्रिगेड आने के बाद आग बुझाने का कार्य आरंभ हुआ किंतु वह आग बुझाने में सक्षम नहीं हो पाया. पानी का संकट बराबर बना रहा. उत्तर प्रदेश प्रयागराज जिले से फायर ब्रिगेड बुलाकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया. कई घंटों तक घर दुकान तो जलता रहा. आग की लपटें एवं धुंआ काफी दूर तक देखा गया. सुरक्षा का कोई प्रशासनिक इंतजाम न होने से नागरिकों में भरी आक्रोश देखा गया. स्थानीय स्तर पर भी लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया किंतु विकराल आग होने से सब कुछ जलकर नष्ट हो गया. अशोक कुमार उर्फ गोलू केसरवानी की चाकघाट विकास मंच के प्रखर वक्ता के रूप में उनकी पहचान बन गई थी एवं भ्रष्टाचार के विरोध में वे निरंतर फेसबुक के माध्यम से अपनी आवाज उठा रहे थे. चाकघाट के पुराने गल्ला मंडी रोड पर उनकी फर्नीचर की दुकान है. दुकान से लगा हुआ उनका मकान जहाँ सब कुछ जलकर राख हो गया. उनके पड़ोस में उन्हीं के परिवार की एक और दुकान थी जहां भी आग से भरी क्षति की घटना अब तक के घटनाओं में सबसे बड़ी अग्निकांड की घटना है. अग्निकांड पर सुरक्षा के सवाल पर सवाल यह उठता है कि मध्य प्रदेश के प्रवेश द्वार पर स्थित होने वाले नगर में सुरक्षा के कोई प्रबंध नहीं है. नगरपालिका का फायर ब्रिगेड समय पर पहुंच पाया और न हीं यहां का आग बचाव उपकरण कोई काम आया. अगर क्षति का अनुमान लगाया जाए तो कई लाख रुपए की संपत्ति जलकर नष्ट हो गई. आग लगने का स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है. मौके पर तहसील अमला एवं पुलिस विभाग, बिजली विभाग के कर्मचारी भी मौके पर पहुंँच गए थे.
