
खंडवा। कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में विभागों के कामों की विस्तार से समीक्षा की। बैठक में स्वामित्व योजना की धीमी प्रगति पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई और सभी एसडीएम और तहसीलदारों को कार्य में गति लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि स्वामित्व योजना का पोर्टल सुबह और शाम अच्छी तरह चलता है, इसलिए सुबह-शाम एंट्री कराई जाए, ताकि एंट्री का कार्य शीघ्र पूर्ण हो सके। उन्होंने रजिस्ट्रियों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि इस काम में अब कोई ढिलाई नहीं चलेगी। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ऐश्वर्य वर्मा, खंडवा एसडीएम ऋषि सिंघई, हरसूद एसडीएम आरसी खतेडय़िा, पंधाना एसडीएम दिनेश सांवले सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी मौजूद थे।
निर्माण कार्य समय पर पूरे हों
कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग से निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और जो भी निर्माण कार्य प्रगतिरत हैं, उन्हें गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री को निर्देश दिए कि जिन गांवों में नल-जल योजना का कार्य पूर्ण हो चुका है, उन्हें संबंधित ग्राम पंचायतों को हैंडओवर किया जाए।
शहर में अतिक्रमण पर सख्ती
कलेक्टर ने सिटी मजिस्ट्रेट बजरंग बहादुर सिंह को निर्देश दिए कि शहर में चिन्हित अतिक्रमण को नगर निगम के साथ समन्वय बनाकर हटाया जाए। उन्होंने रक्तदान शिविर की प्रगति की जानकारी ली। इसके अलावा पीएम आवास योजना (ग्रामीण) एवं ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की।
कोई बच्चा अपार आईडी से न छूटे
कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि जिन बच्चों की अपार आईडी अभी तक नहीं बनी है, उन्हें शीघ्र बनवाया जाए। उन्होंने कहा कि इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए कि कोई भी बच्चा अपार आईडी से छूट न जाए और सभी बच्चों का पंजीयन हो जाए।
बैठक में उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारियों से जिले में खाद की उपलब्धता की जानकारी ली तथा जल संसाधन विभाग के कार्यपालन यंत्री से नहरों में पानी छोडऩे की व्यवस्थाओं के संबंध में चर्चा की।
